BIHAR NEWS
बिहार ललित कला अकादमी में दस दिवसीय वॉश पेंटिंग प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ ,30 छात्र-छात्राओं को दिया जा रहा प्रशिक्षण
पटना : कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार तथा बिहार ललित कला अकादमी, पटना के संयुक्त तत्वावधान में सोमवार को पूर्वाह्न 11 बजे बिहार ललित कला अकादमी परिसर में “दस दिवसीय वॉश पेंटिंग प्रशिक्षण कार्यशाला” का शुभारंभ किया गया. कार्यशाला का उद्घाटन कला एवं संस्कृति विभाग की अपर सचिव रूबी द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया.
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के रूप में कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार के निदेशक, पुरातत्व कृष्ण कुमार उपस्थित रहे. बिहार ललित कला अकादमी के सचिव सहित मुख्य प्रशिक्षक एवं वाश पेंटिंग के प्रसिद्ध वरिष्ठ कलाकार आनंदी प्रसाद बादल तथा सहायक प्रशिक्षक वरिष्ठ कलाकार मनोज कुमार साहनी को हरित पौधा एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया.
कार्यशाला में कुल 30 छात्र-छात्राओं को वॉश पेंटिंग की कला में प्रशिक्षित किया जा रहा है. प्रशिक्षण प्रतिदिन पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 4 बजे तक आयोजित होगा तथा यह 02 दिसंबर 2026 तक चलेगा. कार्यशाला के समापन के पश्चात प्रशिक्षुओं द्वारा तैयार कलाकृतियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी.
मुख्य प्रशिक्षक आनंदी प्रसाद बादल ने बताया कि वॉश पेंटिंग एशिया की प्रमुख कलात्मक परंपराओं में से एक है. इसका प्रारंभ चीन में हुआ और जापान के रास्ते यह भारत पहुँची. इस कला की प्रमुख विशेषता पारदर्शिता, कोमल रंगों तथा बार-बार की जाने वाली धुलाई की प्रक्रिया है. इस तकनीक से चित्रों में गहराई और धुंधलापन आता है, जो दर्शकों को एक आध्यात्मिक अनुभव कराता है.
इस अवसर पर बड़ी संख्या में कलाकार, प्रबुद्धजन एवं कला प्रेमी उपस्थित रहे. इनमें राज कुमार लाल, देवपूजन कुमार, ओमकार नाथ, विजय कुमार, चन्दन कुमार तथा कुमारी शिल्पी रानी सहित कई वरिष्ठ कलाकार शामिल थे. मंच संचालन सोमा चक्रवर्ती द्वारा किया गया.
पटना से अंकिता सिंह की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।