Live

BIHAR NEWS

पटना में 11 थानों के 72 पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई, लक्ष्य पूरा नहीं करने पर एसपी कोमल मीणा ने अगले आदेश तक वेतन रोका

S
Srishtyलेखक

पटना जिले में लंबित आपराधिक मामलों के अनुसंधान और निष्पादन में लापरवाही बरतने वाले पुलिस पदाधिकारियों पर बड़ी कार्रवाई की गई है। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कांडों का निष्पादन नहीं करने पर ग्रामीण एसपी कोमल मीणा ने 11 थानों के 72 पुलिस पदाधिकारियों का वेतन अगले आदेश तक रोकने का निर्देश दिया है। इस कार्रवाई के बाद संबंधित थानों में हड़कंप मच गया है।जानकारी के अनुसार, सितंबर महीने में पुलिस के अनुसंधान और कांडों के निष्पादन की समीक्षा की गई थी। समीक्षा के दौरान सामने आया कि कई अनुसंधानकर्ताओं ने अपने जिम्मे के मामलों में निर्धारित न्यूनतम लक्ष्य के अनुसार निष्पादन नहीं किया। इसके अलावा अनुसंधान में शिथिलता, लापरवाही और वरीय अधिकारियों के निर्देशों की अनदेखी के आरोप भी सामने आए। इसके बाद ग्रामीण एसपी ने संबंधित पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाया।

कार्रवाई के दायरे में बख्तियारपुर थाना के 13, बाढ़ थाना के 11, अथमलगोला थाना के 10, फतुहा थाना के आठ, खुसरूपुर थाना के सात और पंडारक थाना के छह पुलिस पदाधिकारी शामिल हैं। वहीं, दीदारगंज और सालिमपुर थाना के पांच-पांच, मरांची थाना के तीन तथा मोकामा और नदी थाना के दो-दो पुलिस पदाधिकारियों का वेतन रोकने का आदेश दिया गया है।इस तरह एक साथ 11 थानों के 72 पुलिस पदाधिकारियों पर कार्रवाई कर पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया है कि लंबित मामलों के अनुसंधान और निष्पादन में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

ग्रामीण एसपी कोमल मीणा ने निर्धारित लक्ष्य पूरा नहीं करने और अनुसंधान में लापरवाही बरतने वाले पदाधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही है। पुलिस प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य लंबित कांडों के निपटारे में तेजी लाना और अनुसंधान व्यवस्था को अधिक जवाबदेह बनाना है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें