BIHAR NEWS
बिहार के ऊर्जा क्षेत्र में ₹1.72 लाख करोड़ का निवेश, छह महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए MoU पर हस्ताक्षर
पटना : बिहार में औद्योगिक विकास एवं निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित बिहार बिजनेस कनेक्ट–2026 के तहत उद्यमियों से संवाद एवं MoU एक्सचेंज समारोह में ऊर्जा क्षेत्र की छह महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए समझौता ज्ञापनों (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। इन परियोजनाओं के माध्यम से राज्य के ऊर्जा क्षेत्र में कुल 1,72,885 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इनमें दो परमाणु ऊर्जा संयंत्र (न्यूक्लियर पावर प्लांट) तथा चार पंप्ड स्टोरेज परियोजनाएं शामिल है। इन परियोजनाओं के तहत बांका और सिवान में दो परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जाएंगे, जबकि नवादा, जमुई और औरंगाबाद में चार पंप्ड स्टोरेज परियोजनाएं विकसित होंगी।
पटना में शुक्रवार को आयोजित समारोह में माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में माननीय उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ,उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव एवं उद्योग मंत्री श्रेयसी सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। बिहार बिजनेस कनेक्ट के तहत आयोजित इस समारोह में ऊर्जा विभाग एवं उद्योग विभाग के कुल ₹2.25 लाख करोड़ के निवेश प्रस्तावों के बीच ऊर्जा क्षेत्र की इन छह परियोजनाओं के लिए हुए समझौते राज्य की ऊर्जा उत्पादन एवं भंडारण क्षमता को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से बिहार की भविष्य की बिजली जरूरतों को पूरा करने, ऊर्जा सुरक्षा मजबूत करने तथा औद्योगिक विकास को गति देने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर राज्य के मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत (भा.प्र.से.), उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार (भा.प्र.से.), बिहार के ऊर्जा सचिव सह अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक, बिहार स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी लिमिटेड अजय यादव (भा.प्र.से.), मुख्यमंत्री के सचिव संजय कुमार सिंह (भा.प्र.से.),
साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड एवं नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री सौरभ जोरवाल (भा.प्र.से.), श्री मुकुल कुमार गुप्ता (भा.प्र.से.), उद्योग विभाग में निदेशक, बियाडा के प्रबंध निदेशक नवीन कुमार (भा.प्र.से.), बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड एवं बिहार स्टेट पावर ट्रांसमिशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री विशाल राज (भा.प्र.से.) सहित अन्य वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
MoU एक्सचेंज समारोह में बिहार स्टेट पावर जेनरेशन कंपनी लिमिटेड के प्रबंध निदेशक श्री विशाल राज (भा.प्र.से.) के साथ विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने समझौता ज्ञापनों का आदान-प्रदान किया। अदानी समूह की ओर से श्री सुमित वर्मा, हेड-बिजनेस डेवलपमेंट एंड स्ट्रेटजी; ग्रीनको समूह की ओर से श्री कृष्णा तुंगतुर्थी, सीओओ (पंप्ड स्टोरेज); टोरेंट पावर की ओर से श्री जिगिश मेहता, डायरेक्टर; न्यूक्लियर पावर कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (NPCIL) की ओर से श्री एस. डी. पारस्वर, विशिष्ट वैज्ञानिक एवं निदेशक मंडल के सदस्य तथा एनटीपीसी की ओर से श्री अरनाडा प्रसाद सामल, कार्यकारी निदेशक (न्यूक्लियर) उपस्थित रहे और MoU का आदान-प्रदान किया।
बिहार के माननीय मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि बिहार के ऊर्जा क्षेत्र में व्यापक बदलाव हो रहा है। राज्य की बढ़ती बिजली मांग को देखते हुए न्यूक्लियर पावर एवं पंप्ड स्टोरेज सहित ऊर्जा क्षेत्र में लगभग 1.72 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है। इन परियोजनाओं से बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ेगी और राज्य की ऊर्जा व्यवस्था सुदृढ़ होगी। बढ़ती मांग एवं औद्योगिक विकास को ध्यान में रखते हुए संबंधित समझौते किए गए हैं। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक राज्य के उद्योगों को 24×7 सस्ती, गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध बिजली उपलब्ध कराना है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार 1 करोड़ 92 लाख घरेलू उपभोक्ताओं को प्रतिमाह 125 यूनिट मुफ्त बिजली उपलब्ध करा रही है। इसके साथ ही पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना एवं अन्य सौर ऊर्जा योजनाओं के माध्यम से घरों की छतों पर सोलर प्लांट लगाने को प्रोत्साहित किया जा रहा है। इससे उपभोक्ताओं को बिजली बिल में राहत के साथ अतिरिक्त बिजली बेचकर आय अर्जित करने का अवसर भी मिलेगा। उन्होंने कहा कि ऊर्जा क्षेत्र में निवेश एवं नई परियोजनाएं बिहार के औद्योगिक विकास, रोजगार सृजन और आर्थिक समृद्धि को नई गति प्रदान करेंगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'विकसित भारत' और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के 'समृद्ध बिहार' के सपने को साकार करने की दिशा में राज्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री ने निवेशकों और उद्यमियों को आश्वस्त करते हुए 'बिल्ड एंड बिलीव इन बिहार' (Build and Believe in Bihar) के मंत्र के साथ राज्य के सभी क्षेत्रों में सुरक्षित निवेश करने के लिए आमंत्रित किया।
ऊर्जा सचिव सह अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक, BSPHCL श्री अजय यादव (भा.प्र.से.) ने कहा कि इन छह परियोजनाओं से बिहार की ऊर्जा उत्पादन एवं भंडारण क्षमता को नई मजबूती मिलेगी। इससे राज्य की भविष्य की बिजली जरूरतों को पूरा करने और औद्योगिक विकास को गति देने में मदद मिलेगी। ये परियोजनाएं बिहार की ऊर्जा सुरक्षा, आर्थिक प्रगति और औद्योगिक विस्तार को नई मजबूती देने के साथ विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं से राज्य में बड़े पैमाने पर पूंजी निवेश आकर्षित होने के साथ औद्योगिक विकास एवं आधारभूत संरचना के विस्तार को भी बढ़ावा मिलेगा। कुल 1,72,885 करोड़ रुपये की इन छह परियोजनाओं के माध्यम से बिहार को ऊर्जा उत्पादन एवं भंडारण के क्षेत्र में एक सशक्त केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। इससे राज्य की ऊर्जा सुरक्षा मजबूत होगी और विकसित बिहार के लक्ष्य को हासिल करने में नई गति मिलेगी।
पटना से नीरज उपाध्याय की रिपोर्ट-
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।