BIHAR NEWS : सरकार और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित कर रहा “सहयोग शिविर” - मंत्री रामकृपाल यादव
बेगूसराय: जिले के प्रभारी मंत्री के रूप में सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने मंगलवार को अपने बेगूसराय भ्रमण के दौरान सर्वप्रथम राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके विचारों और राष्ट्र निर्माण में दिए गए अमूल्य योगदान को नमन किया.
इसके बाद मंत्री ने “सहयोग शिविर” कार्यक्रम के अंतर्गत जिले के विभिन्न पंचायतों—राज पिपरा देवस (बरौनी),पिढौली (तेघड़ा) एवं रामदीरी-4 (मटिहानी) में आयोजित शिविरों में भाग लिया.
इस अवसर पर मंत्री ने आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरतापूर्वक सुना तथा उनके त्वरित और प्रभावी समाधान हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए. शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं,सुझाव एवं स्थानीय मुद्दों से जुड़ी जानकारियां साझा की.
मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा कि “सहयोग शिविर” का उद्देश्य सरकार और आमजन के बीच संवाद को और अधिक मजबूत बनाना तथा लोगों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर शीघ्र एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार “सबका सम्मान,जीवन आसान” के संकल्प के साथ समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुशासन,जनसेवा और विकास का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है.
मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सहयोग शिविर में प्राप्त जनसमस्याओं के निष्पादन में संवेदनशीलता,तत्परता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए,ताकि आम नागरिकों को सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ सरल और सुगम तरीके से प्राप्त हो सके.
शिविर के दौरान विभिन्न विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे तथा आमजनों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध कराई गई.
अंकिता की रिपोर्ट--