BIHAR NEWS
पटना में पुलिसकर्मी भी नहीं बच सके ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई से, बिना हेलमेट पीछे बैठने पर लगा 1000 रुपये का जुर्माना
राजधानी पटना में यातायात नियमों के पालन को लेकर ट्रैफिक पुलिस की सख्ती का एक दिलचस्प मामला सामने आया है। इस बार कार्रवाई की जद में कोई आम नागरिक नहीं, बल्कि खाकी वर्दी पहने एक पुलिसकर्मी आ गए। बाइक पर पीछे की सीट पर बिना हेलमेट बैठे पुलिसकर्मी की तस्वीर सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। इसके बाद यातायात पुलिस ने वाहन मालिक के नाम पर एक हजार रुपये का चालान जारी कर दिया।मामला गांधी मैदान स्थित कारगिल चौक के पास का है। जानकारी के मुताबिक, एक बाइक पर दो लोग सवार होकर जा रहे थे। बाइक चला रहे व्यक्ति ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन पीछे बैठे पुलिसकर्मी ने हेलमेट नहीं लगाया था। इसी दौरान वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में यातायात नियमों के उल्लंघन की तस्वीर रिकॉर्ड हो गई।
सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद यातायात पुलिस ने वाहन की पहचान की और चौक निवासी एसएम अनवर जमाल के नाम पर एक हजार रुपये का ई-चालान काट दिया। चालान की सूचना वाहन मालिक के रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर पर भी भेज दी गई।
खाकी वर्दी भी नहीं दिला सकती नियमों से छूट
इस कार्रवाई के जरिए यातायात पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि सड़क सुरक्षा के नियम सभी के लिए समान हैं। पुलिसकर्मी हो या आम नागरिक, किसी को भी यातायात नियमों की अनदेखी करने की छूट नहीं है। बाइक पर चालक के साथ पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए भी हेलमेट पहनना अनिवार्य है।पटना ट्रैफिक पुलिस की इस कार्रवाई को इस संदेश के तौर पर देखा जा रहा है कि कानून के सामने कोई भी व्यक्ति विशेष नहीं है। नियमों का उल्लंघन करने पर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कार्रवाई जारी रहेगी।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।