Hindi News / गोपालगंज में उच्च शिक्षा की हकीकत पर DM की सख्त नजर, 2 नए...

BIHAR NEWS : गोपालगंज में उच्च शिक्षा की हकीकत पर DM की सख्त नजर, 2 नए सरकारी डिग्री कॉलेजों में किया औचक निरीक्षण

Edited By:  |
bihar news

गोपालगंज : जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने मंगलवार को जिले के दो नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का औचक निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने शैक्षणिक व्यवस्था और आधारभूत सुविधाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.

गोपालगंज के मंझा प्रखंड स्थित धर्मपरसा और बरौली प्रखंड के चरवाहा बिशनपुर में नवस्थापित राजकीय डिग्री महाविद्यालयों का मंगलवार को जिला पदाधिकारी समीर सौरभ ने औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने पूरे महाविद्यालय परिसर का भ्रमण कर भवन निर्माण,कक्षाओं के संचालन और छात्रों के लिए उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली.

निरीक्षण के दौरान डीएम ने पेयजल,शौचालय,बिजली,फर्नीचर,पुस्तकालय समेत अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की. साथ ही संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए.

जिला पदाधिकारी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है. उन्होंने अधिकारियों से महाविद्यालयों के समुचित विकास और नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा,ताकि छात्रों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिल सके.

डीएम ने स्पष्ट किया कि जिले में उच्च शिक्षा को मजबूत बनाने के लिए नवस्थापित महाविद्यालयों का नियमित निरीक्षण और अनुश्रवण आगे भी जारी रहेगा.

गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट-