BIHAR NEWS
विश्व शांति और भारत-बांग्लादेश की मित्रता का संदेश लेकर बोधगया में निकली शोभायात्रा, बांग्लादेश मॉनेस्ट्री में विद्वानों ने रखे विचार
बोधगया : विश्व प्रसिद्ध बौद्ध नगरी बोधगया में विश्व शांति और भारत-बांग्लादेश के बीच आपसी मित्रता एवं सौहार्द को मजबूत करने के उद्देश्य से बांग्लादेश मॉनेस्ट्री में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस कार्यक्रम के माध्यम से पूरी दुनिया को शांति, सद्भाव और भाईचारे का संदेश दिया गया.
कार्यक्रम की शुरुआत बांग्लादेश मॉनेस्ट्री से महाबोधि मंदिर तक निकाली गई भव्य विश्व शांति शोभायात्रा से हुई. शोभायात्रा में विभिन्न देशों से आए बौद्ध श्रद्धालु, बौद्ध भिक्षु एवं अन्य लोगों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया. इस दौरान भगवान बुद्ध के शांति और करुणा के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया गया.
इसके बाद बांग्लादेश मॉनेस्ट्री परिसर में विशेष सभा आयोजित हुई, जिसमें विभिन्न विद्वानों और वक्ताओं ने विश्व शांति, आपसी भाईचारे, धार्मिक सद्भाव तथा भारत और बांग्लादेश के बीच मैत्रीपूर्ण संबंधों को और मजबूत बनाने पर अपने विचार रखे. कार्यक्रम के दौरान बौद्ध परंपरा के अनुसार महाकठिन चीवरदान का भी आयोजन किया गया, जिसमें बौद्ध भिक्षुओं को चीवर अर्पित किया गया.
कार्यक्रम की खास बात यह रही कि सुबह से हो रही बूंदाबांदी और खराब मौसम के बावजूद श्रद्धालुओं एवं अतिथियों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी. बड़ी संख्या में लोग बारिश के बीच भी कार्यक्रम में शामिल हुए.
इस अवसर पर स्थानीय विधायक कुमार सर्वजीत और एसडीपीओ सुनील पांडेय भी मौजूद रहे. दोनों ने कार्यक्रम में अपने विचार व्यक्त करते हुए विश्व शांति, सामाजिक सौहार्द और आपसी भाईचारे के महत्व पर प्रकाश डाला.
बोधगया की पावन धरती से आयोजित इस कार्यक्रम ने एक बार फिर भगवान बुद्ध के शांति, करुणा और मैत्री के संदेश को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाने का प्रयास किया.
बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।