BIHAR NEWS : ईंधन व्यवस्था पर सख्ती! SDM अनिल कुमार का औचक निरीक्षण, जमाखोरी पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश
गोपालगंज : शहर में ईंधन आपूर्ति व्यवस्था को पारदर्शी और सुचारु बनाए रखने के उद्देश्य से सदर एसडीएम अनिल कुमार ने मंगलवार को कई पेट्रोल पंपों का औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने ईंधन की उपलब्धता, माप-तौल की शुद्धता, उपभोक्ता सुविधाओं तथा अभिलेखों के रख रखाव की गहन समीक्षा की.
उन्होंने निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में उपभोक्ताओं को परेशानी न हो और आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी बनी रहे. एसडीएम के नेतृत्व में जिले भर में डीजल, पेट्रोल और एलपीजी के स्टॉक, आमद और बिक्री की स्थिति की व्यापक समीक्षा के लिए विशेष अभियान चलाया गया. जांच के दौरान अधिकांश पेट्रोल पंपों पर ईंधन की बिक्री सामान्य पाई गई, जबकि आपूर्ति की स्थिति भी संतोषजनक रही.
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जिले में ईंधन की कोई कमी नहीं है और लगातार निगरानी रखी जा रही है. निरीक्षण के दौरान एसडीएम अनिल कुमार ने कहा कि आने वाले एक महीने तक की जरूरतों को पूरा करने के लिए पर्याप्त मात्रा में डीजल और पेट्रोल उपलब्ध है. उन्होंने यह भी बताया कि कुछ लोग अवैध तरीके से ईंधन की जमाखोरी करने की कोशिश कर रहे हैं, जिसे रोकने के लिए प्रशासन लगातार सख्त जांच अभियान चला रहा है. उन्होंने बताया कि जांच के दौरान पेट्रोल पंपों पर होने वाले लेन-देन की भी बारीकी से निगरानी की जा रही है. खासकर यह देखा जा रहा है कि कोई व्यक्ति बार-बार आकर असामान्य मात्रा में ईंधन तो नहीं खरीद रहा है. यदि किसी प्रकार की अनियमितता या कालाबाजारी सामने आती है, तो संबंधित दोषियों और पेट्रोल पंप संचालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
एसडीएम ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया. साथ ही आम जनता से अपील की है कि वे अनावश्यक रूप से ईंधन की खरीद और भंडारण न करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर और समान रूप से आपूर्ति मिल सके. एलपीजी उपभोक्ताओं से भी आग्रह किया गया है कि वे निर्धारित समय पर ही गैस सिलेंडर की बुकिंग करें और जरूरत के अनुसार ही रिफिल प्राप्त करें, जिससे आपूर्ति व्यवस्था संतुलित बनी रहे और किसी को भी असुविधा का सामना न करना पड़े.
गोपालगंज से नमो नारायण मिश्र की रिपोर्ट--