Live

BIHAR NEWS

लंदन तक गूंजी शेखपुरा के युवा इतिहासकार की पहचान, सय्यद अमजद हुसैन को अंतरराष्ट्रीय सम्मान

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

शेखपुरा : प्रतिभा और लगन के दम पर शेखपुरा के एक छोटे से गांव से निकलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने वाले युवा इतिहासकार एवं लेखक सय्यद अमजद हुसैन को एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। नगर परिषद क्षेत्र अंतर्गत जमुआरा निवासी अमजद हुसैन को यूनाइटेड किंगडम की संस्था लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से 'सर्टिफिकेट ऑफ एप्रिसिएशन' प्रदान कर सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान ऐतिहासिक शोध, साहित्यिक लेखन और भारतीय सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए दिया गया है।

इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान की खास वजह उनकी चर्चित पुस्तक 'बिहार और सूफ़ीवाद' है, जिसके माध्यम से उन्होंने बिहार की समृद्ध सूफ़ी परंपरा, सूफ़ी संतों के जीवन, उनकी शिक्षाओं और समाज एवं संस्कृति में उनके योगदान को ऐतिहासिक स्रोतों तथा शोध सामग्री के आधार पर सामने लाने का प्रयास किया है। पुस्तक को देशभर के पाठकों की सराहना मिली है। यह राष्ट्रीय स्तर पर बेस्टसेलर के रूप में पहचान बना चुकी है और इसकी 10 हजार से अधिक प्रतियां बिक चुकी हैं। सम्मान-पत्र में उन्हें सूफ़ीवाद पर शोधपरक पुस्तक लिखने वाले भारत के सबसे कम उम्र के इतिहासकारों में से एक के रूप में उल्लेखित किया गया है।

राष्ट्रीय स्तर पर भी मिल चुके हैं कई प्रतिष्ठित सम्मान

अमजद हुसैन की उपलब्धियों का सिलसिला केवल इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान तक सीमित नहीं है। इससे पूर्व भी उन्हें साहित्य, इतिहास, सामाजिक योगदान और युवा प्रतिभा के क्षेत्र में कई प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। वर्ष 2024 में उन्हें डॉ. बी. आर. आंबेडकर नेशनल अवार्ड प्रदान किया गया। वहीं 2025 में भारत प्रतिभा सम्मान, डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम आजाद नेशनल अवार्ड, इंडियन एक्सीलेंस अवार्ड और इंडिया स्टार वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के पैशन अवार्ड सहित कई सम्मान प्राप्त हुए। वर्ष 2026 में उन्हें नवभारत सेवा रत्न, स्वामी विवेकानंद यूथ इंस्पिरेशन अवार्ड, भारत गौरव सम्मान तथा राष्ट्रीय प्रतिभा पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है।

उनकी उपलब्धियों में वर्ष 2025 में नई दिल्ली में आयोजित 76वें गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल होने के लिए मिला विशेष निमंत्रण भी उल्लेखनीय है। साहित्य और शोध के क्षेत्र में उनकी सक्रियता ने उन्हें बिहार से बाहर भी एक विशिष्ट पहचान दिलाई है।

कई प्रतिष्ठित हस्तियों के साथ जुड़ा है संस्था का नाम

लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स से सम्मानित एवं जुड़े प्रमुख व्यक्तित्वों में पुडुचेरी के मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, लोकसभा सांसद इमरान मसूद, सांसद उदयनराजे भोंसले, सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. फरमान हसन खान, न्यूक्लियर साइंटिस्ट बल्ला रामकृष्णा, एमआईटी यूनिवर्सिटी के अध्यक्ष डॉ. विश्वनाथ कराड, प्रो. डॉ. सी. एल. यादव, शोधकर्ता डॉ. उत्सो भट्टाचार्य तथा नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ सहित कई प्रतिष्ठित नाम शामिल हैं। अमजद हुसैन को जारी प्रमाणपत्र संख्या LBOWRE6020218 पर संस्था के यूरोपीय संघ प्रमुख डॉ. इवान गाचिना और अध्यक्ष डॉ. अविनाश डी. सकुंडे के हस्ताक्षर हैं।

शोध के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में भी सक्रिय

साहित्य और इतिहास के क्षेत्र में सक्रिय रहने के साथ अमजद हुसैन सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों में भी अपनी भूमिका निभा रहे हैं। वे जेनिथ सोशल फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं। युवाओं को सूफ़ी परंपरा, साहित्य और भारतीय सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के उद्देश्य से 'यूथ इन सूफ़िज़्म' के तहत कई कार्यक्रम आयोजित कर चुके हैं। उनका प्रयास बिहार की उन ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासतों को सामने लाना है, जिन्हें समय के साथ उचित पहचान नहीं मिल सकी है।

जमुआरा से शुरू हुई अमजद हुसैन की यह यात्रा इस बात का उदाहरण है कि इतिहास और साहित्य के प्रति समर्पण स्थानीय पहचान को भी अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचा सकता है। उनकी इस उपलब्धि से जमुआरा सहित पूरे शेखपुरा जिले में हर्ष का माहौल है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें