Live

BIHAR NEWS

इंद्रधनुष 2026’,एक मंच पर दिखेगा सात राज्यों की लोक संस्कृति का अद्भुत संगम, 400 कलाकार बिखेरेंगे छटा

S
Srishtyलेखक

देश की सांस्कृतिक विविधता, लोक परंपराओं और क्षेत्रीय कलाओं को एक साझा मंच प्रदान करने के उद्देश्य से ‘इंद्रधनुष 2026’ का आयोजन 20 एवं 21 नवंबर को प्रेमचंद रंगशाला, राजेंद्र नगर, पटना में किया जा रहा है। इस दो दिवसीय सांस्कृतिक महोत्सव में सात राज्यों के लगभग 400 लोक कलाकार एवं शिल्पकार अपनी पारंपरिक कला, नृत्य, संगीत, हस्तशिल्प और सांस्कृतिक विरासत का प्रदर्शन कर रहे हैं। महोत्सव का उद्देश्य विभिन्न राज्यों की सांस्कृतिक एवं भाषाई विविधता को प्रोत्साहित करना तथा राष्ट्रीय स्तर पर सामाजिक एकता और विविधता में एकता का संदेश देना है।पूर्वी क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (EZCC), कोलकाता, संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (NCZCC), प्रयागराज, दक्षिण मध्य क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र (SCZCC) एवं कला एवं संस्कृति विभाग, बिहार सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव का उद्घाटन आज बिहार के माननीय राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर माननीय मंत्री, कला एवं संस्कृति डॉ. प्रमोद कुमार उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में पूर्वी क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक श्री सुदेश शर्मा तथा सांस्कृतिक कार्य निदेशालय की निदेशक श्रीमती रूबी, भा.प्र.से. सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत किया गया तथा महोत्सव की रूपरेखा और उद्देश्यों की जानकारी साझा की गई।

समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पूरे देश को एक सूत्र में बाँधती है : डॉ प्रमोद कुमार

बिहार सरकार के कला संस्कृति मंत्री डॉ प्रमोद कुमार ने कहा कि भारत में भले ही भाषाएँ अलग हों, वेशभूषाएँ अलग हों और परंपराएँ विविध हों, लेकिन हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत पूरे देश को एक सूत्र में बाँधती है। गंगा भले ही उत्तर भारत में प्रवाहित होती है, लेकिन उसकी पवित्रता और महत्ता पूरे भारत में समान रूप से पूजनीय है। यही भारत की सांस्कृतिक एकता और अखंडता की वास्तविक पहचान है।”

सात राज्यों की लोक कला और नृत्य प्रस्तुतियां

महोत्सव की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की शुरुआत श्री राजीव कुमार रॉय के निर्देशन में सभी राज्यों के कलाकारों द्वारा समवेत नृत्य प्रस्तुति से हुई। इसके बाद उत्तर प्रदेश के कलाकारों ने फूलों की होली एवं मयूर लोक नृत्य, हरियाणा के कलाकारों ने रागिनी, फाग एवं घूमर तथा राजस्थान के कलाकारों ने भवई, घूमर एवं कालबेलिया नृत्य प्रस्तुत किए। ओडिशा के एकतारा कला केंद्र द्वारा संबलपुरी एवं ढाप नृत्य, त्रिपुरा के कलाकारों द्वारा मोमिता एवं होजागिरी तथा महाराष्ट्र के कलाकारों द्वारा लावणी एवं कोली नृत्य की प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। बिहार के कलाकार भी अपनी लोक कला एवं लोक संगीत के माध्यम से राज्य की सांस्कृतिक विरासत को प्रस्तुत कर रहे हैं।

हस्तशिल्प, खान-पान और पारंपरिक परिधानों की प्रदर्शनी

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ महोत्सव में हस्तशिल्प मेला, पारंपरिक खान-पान, परिधान प्रदर्शन, चित्रकला कार्यशाला एवं रंगोली प्रदर्शन का भी आयोजन किया जा रहा है। इन गतिविधियों के माध्यम से विभिन्न राज्यों की कला, शिल्प, खान-पान और जीवनशैली को एक साझा मंच पर प्रदर्शित किया जा रहा है।

‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम भी विशेष आकर्षण

महोत्सव के अंतर्गत पूर्वी क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, कोलकाता द्वारा ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम भी आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत बिहार और त्रिपुरा की भाषा, संस्कृति, परंपरा एवं खान-पान से जुड़े सांस्कृतिक आदान-प्रदान के कार्यक्रम होंगे। इसका उद्देश्य दोनों राज्यों के बीच सांस्कृतिक समझ और आपसी जुड़ाव को बढ़ावा देना तथा विविधता में एकता की भावना को मजबूत करना है।यह महोत्सव 20 एवं 21 नवंबर 2026 को प्रतिदिन शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक आयोजित किया जा रहा है। ‘इंद्रधनुष 2026’ विभिन्न राज्यों की लोक कला, सांस्कृतिक विविधता और पारंपरिक विरासत को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।

पटना से अंकित की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें