BIHAR NEWS : सुपौल में डिप्टी सीएम बिजेन्द्र प्रसाद यादव बोले-कार्यकर्ताओं की मेहनत से ही बना उपमुख्यमंत्री,बिहार के विकास में सबकी भागीदारी
सुपौल : बिहार के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव शुक्रवार को सुपौल पहुंचे. उपमुख्यमंत्री के आगमन पर जदयू कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया.
कार्यक्रम में मंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत, समर्पण और जनता के विश्वास की बदौलत ही उन्हें बिहार का उपमुख्यमंत्री बनने का अवसर मिला है. उन्होंने कहा कि जदयू संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रियता के कारण ही सुपौल समेत पूरे बिहार में विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं.
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में बिहार सरकार गांव-गांव तक विकास पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है. सड़क,शिक्षा,स्वास्थ्य,सिंचाई और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक स्तर पर योजनाएं चलाई जा रही हैं,जिनका सीधा लाभ आम लोगों को मिल रहा है. उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना है और इसमें कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है.
अपने संबोधन में उन्होंने जदयू कार्यकर्ताओं से आगामी दिनों में संगठन को और मजबूत बनाने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की. उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता ही पार्टी की असली ताकत हैं और जनता के बीच जाकर सरकार की उपलब्धियों को बताना उनकी जिम्मेदारी है.
कार्यक्रम के दौरान नेताओं और कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखने को मिला. मौजूद नेताओं ने उपमुख्यमंत्री का फूल-मालाओं से स्वागत किया और संगठन की मजबूती को लेकर चर्चा की. मौके पर सुपौल सांसद दिलेश्वर कामैत,निर्मली विधायक अनिरुद्ध प्रसाद यादव,पिपरा विधायक रामविलास कामत,जदयू जिला अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद यादव,जगदीश यादव,नंदकिशोर प्रसाद सिंह,गगन ठाकुर,राजा हुसैन,ओम प्रकाश यादव समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और नेता उपस्थित रहे.
उपमुख्यमंत्री के संबोधन के दौरान कार्यकर्ताओं ने विकास और संगठन के समर्थन में जमकर नारेबाजी की, जिससे पूरे परिसर में राजनीतिक माहौल गर्म रहा.