Live

BIHAR NEWS

भोजपुर में रामकुमार सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर पवन यादव पुलिस मुठभेड़ में घायल, जवाबी कार्रवाई में पैर में लगी गोली

S
Srishtyलेखक

भोजपुर जिले में कस्टम विभाग के सेवानिवृत्त सहायक आयुक्त रामकुमार सिंह हत्याकांड में शुक्रवार सुबह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। हत्याकांड के मुख्य शूटर पवन यादव और पुलिस के बीच मुफस्सिल थाना क्षेत्र के सारंगपुर मोड़ के पास मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में पवन यादव के दाहिने पैर में घुटने के नीचे गोली लग गई। घायल आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया है।घायल आरोपी की पहचान आरा के नवादा थाना क्षेत्र स्थित चंदवा हाउसिंग कॉलोनी निवासी 22 वर्षीय पवन यादव के रूप में हुई है। भोजपुर एसपी अवधेश दीक्षित भी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली।

हथियार बरामदगी के दौरान पुलिस पर फायरिंग

एसपी के अनुसार, गिरफ्तार पवन यादव से पूछताछ में हत्या में इस्तेमाल हथियार छिपाने की जगह का पता चला था। पुलिस टीम उसे लेकर हथियार बरामद करने जा रही थी। इसी दौरान सारंगपुर मोड़ के पास उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। एक गोली पुलिस वाहन के बोनट पर भी लगी। जवाबी कार्रवाई में पवन यादव घायल हो गया।

15 अक्टूबर को हुई थी रामकुमार सिंह की हत्या

गौरतलब है कि 15 अक्टूबर की सुबह आरा के कनकपुरी मोहल्ले में जैन कॉलेज के पूर्वी द्वार के पास अपराधियों ने रामकुमार सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने एसआईटी गठित की थी। अब तक मनोज कुमार सिंह उर्फ लक्की, चंदन सिंह, अभिषेक कुमार और टीपू समेत कई आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

14 कट्ठा जमीन का विवाद बना हत्या की वजह

पुलिस की शुरुआती जांच में करीब 14 कट्ठा जमीन का विवाद हत्या की प्रमुख वजह सामने आया है। यह जमीन भोजपुर के सिंगही इलाके में स्थित है। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में जमीन की पावर ऑफ अटॉर्नी के आधार पर अलग-अलग लोगों के नाम रजिस्ट्री कराई गई थी। इसी विवाद की जांच की जा रही है।एसडीपीओ सदर-1 सुशील कुमार के अनुसार, हत्याकांड में तीन शूटरों की संलिप्तता सामने आई है। पुलिस अब फरार शूटरों और साजिशकर्ताओं की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें