BIHAR NEWS : 288 सीटों पर नामांकन, लेकिन पढ़ाने के लिए सिर्फ दो शिक्षक - गोपालगंज के मांझा डिग्री कॉलेज की हकीकत
गोपालगंज:बिहार सरकार ने उच्च शिक्षा की पहुंच बढ़ाने के लिए नए डिग्री कॉलेजों में नामांकन तो शुरू करा दिया है,लेकिन कई कॉलेजों में शिक्षकों की भारी कमी सामने आ रही है. गोपालगंज के मांझा डिग्री कॉलेज की तस्वीर भी कुछ ऐसी ही है,जहां 288 सीटों पर नामांकन हो रहा है और अब तक 92 छात्र-छात्राएं दाखिला ले चुके हैं. लेकिन इन छात्रों को पढ़ाने के लिए कॉलेज में सिर्फ दो शिक्षक ही उपलब्ध हैं.
बिहार के 211 प्रखंडों में खोले गए नए डिग्री कॉलेजों में गोपालगंज के नौ कॉलेज भी शामिल हैं. मांझा डिग्री कॉलेज में इतिहास,हिन्दी,अंग्रेजी,राजनीति शास्त्र,अर्थशास्त्र और समाजशास्त्र समेत छह विषयों में नामांकन लिया जा रहा है. कुल 288 सीटों के मुकाबले अब तक 92 छात्र-छात्राओं का एडमिशन हो चुका है.
हालांकि कॉलेज में फिलहाल सिर्फ राजनीति शास्त्र और अर्थशास्त्र के दो ही व्याख्याता कार्यरत हैं. इतिहास,हिन्दी,अंग्रेजी और समाजशास्त्र विषयों के लिए अभी तक किसी शिक्षक की नियुक्ति नहीं हुई है. ऐसे में चार विषयों की पढ़ाई शुरू होना बाकी है.
कॉलेज का अपना भवन भी अभी नहीं है. फिलहाल अस्थायी व्यवस्था के तहत संचालन किया जा रहा है. कॉलेज प्रशासन का कहना है कि भवन के लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है और शिक्षकों की नियुक्ति होते ही बाकी विषयों की पढ़ाई भी शुरू कर दी जाएगी.