Live

BIHAR NEWS

एफपीओ से जुड़कर किसान बन रहे उद्यमी, खेती के साथ व्यवसाय से भी बढ़ रही आमदनी - मंत्री राम कृपाल यादव

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

पटना : सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि राज्य के किसानों को केवल खेती तक सीमित न रखकर उन्हें कृषि आधारित व्यवसायों से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है. किसान उत्पादन संगठन (एफपीओ) इस दिशा में एक प्रभावी माध्यम बन रहे हैं. इनके जरिए किसान सामूहिक रूप से व्यवसाय कर रहे हैं, अपने उत्पादों का प्रसंस्करण एवं विपणन कर रहे हैं और अतिरिक्त आमदनी अर्जित कर रहे हैं. इससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं.

मंत्री ने बताया कि राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (एनसीडीसी) द्वारा सहकारिता विभाग, बिहार को राज्य के 21 जिलों की 100 पंचायतों में किसान उत्पादन संगठन गठित करने का लक्ष्य दिया गया था. विभाग द्वारा सभी 100 एफपीओ का गठन पूरा कर लिया गया है, जिनसे अब तक 66,450 किसान जुड़ चुके हैं. इन एफपीओ में 3 करोड़ 14 लाख रुपये से अधिक की अंशपूंजी जमा की गई है, जिसमें 50 प्रतिशत राशि सरकार द्वारा अनुदान के रूप में उपलब्ध कराई गई है. इससे किसानों को सामूहिक रूप से व्यवसाय शुरू करने के लिए आर्थिक आधार मिल रहा है.

उन्होंने कहा कि गठित 100 एफपीओ में से 67 में विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियाँ शुरू हो चुकी है. इनमें उर्वरक एवं बीज की बिक्री, तेल मिल का संचालन, मशरूम की खेती, डेयरी उत्पाद, गुड़ उत्पादन, पशुपालन एवं सिलाई जैसे कार्य शामिल हैं. इन गतिविधियों के माध्यम से किसान खेती के साथ-साथ दूसरे व्यवसायों से भी आमदनी प्राप्त कर रहे हैं.

मंत्री ने बताया कि शेष 33 एफपीओ को भी शीघ्र व्यावसायिक रूप से सक्रिय बनाने के लिए विभागीय स्तर पर पहल की जा रही है. इन एफपीओ से जुड़े किसानों को व्यवसाय शुरू करने से पहले आवश्यक प्रशिक्षण दिया जा रहा है, ताकि वे अपने क्षेत्र की मांग एवं उपलब्ध संसाधनों के अनुरूप लाभकारी गतिविधियों का चयन कर सकें और सफलतापूर्वक व्यवसाय संचालित कर सकें.

मंत्री ने कहा कि एफपीओ के माध्यम से खाद्य प्रसंस्करण को भी बढ़ावा दिया जा रहा है. किसान अपने कृषि उत्पादों का प्रसंस्करण कर मूल्यवर्धित उत्पाद तैयार कर रहे हैं और उन्हें बाजार में बेचकर बेहतर लाभ प्राप्त कर रहे हैं. इससे किसानों को अपने उत्पादों का उचित मूल्य मिलने के साथ बिचौलियों पर निर्भरता कम करने में भी मदद मिल रही है.

पटना जिले के धनरुआ प्रखंड स्थित सोनामी एफपीओ द्वारा मसूर दाल का प्रसंस्करण कर बाजार में उपलब्ध कराया जा रहा है. खुसरुपुर प्रखंड के सुगरवेगचक एफपीओ द्वारा अगरबत्ती का निर्माण किया जा रहा है. गोपालगंज जिले के कोन्हवा एफपीओ में कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) का संचालन कर आय के अतिरिक्त स्रोत विकसित किए गए हैं. ये उदाहरण दर्शाते हैं कि एफपीओ के माध्यम से किसान पारंपरिक खेती से आगे बढ़कर उद्यमिता की ओर कदम बढ़ा रहे हैं.

मंत्री ने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि सभी एफपीओ की नियमित समीक्षा की जाए तथा अधिक से अधिक किसानों को इनसे जोड़ा जाए. साथ ही, प्रत्येक एफपीओ को निर्धारित समय-सीमा में व्यावसायिक रूप से सक्रिय बनाने, किसानों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण उपलब्ध कराने और उनके उत्पादों के लिए बेहतर बाजार व्यवस्था सुनिश्चित करने की दिशा में ठोस कार्रवाई की जाए. उन्होंने कहा कि सरकार का संकल्प किसानों की आय में वृद्धि करना और उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है.

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें