BIHAR NEWS
पीएम मोदी के संबोधन में गूंजा औरंगाबाद का नाम, नगर भवन में लाइव कार्यक्रम देख खुशी से झूमे लोग, डीएम और विधायकों ने जताया आभार
औरंगाबाद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बिहार दौरे के दौरान वैशाली की धरती से औरंगाबाद का नाम लिए जाने पर जिले में खुशी की लहर दौड़ गई. पीएम के संबोधन में औरंगाबाद का जिक्र होने से जिले के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला. इस अवसर पर जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा सहित जिले के जनप्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए आभार जताया.
दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बिहार दौरे पर वैशाली जिले पहुंचे थे, जहां उन्होंने करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बिहार के सभी जिलों में दिखाने की व्यवस्था की गई थी. इसी कड़ी में औरंगाबाद शहर के नगर भवन में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जहां बड़ी संख्या में लोगों ने एक साथ बैठकर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखा और उनके संबोधन को सुना.
कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में औरंगाबाद का भी उल्लेख किया. जिले से जुड़ी विकास योजनाओं का जिक्र होने पर नगर भवन में मौजूद लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिला. लोगों ने प्रधानमंत्री के संबोधन का स्वागत करते हुए औरंगाबाद के विकास को लेकर उम्मीद जताई.
वहीं, जिलाधिकारी अभिलाषा शर्मा ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिहार आगमन और विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास राज्य के लिए महत्वपूर्ण है. कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री द्वारा औरंगाबाद का नाम लिए जाने और जिले से जुड़ी योजनाओं का उल्लेख किए जाने से जिलेवासियों में काफी खुशी है.
इस मौके पर जदयू विधायक प्रमोद कुमार सिंह और हम पार्टी के विधायक ललन भुइयां ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी. दोनों जनप्रतिनिधियों ने औरंगाबाद का उल्लेख किए जाने और जिले से जुड़ी विकास योजनाओं पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए इसे जिले के लिए गौरव की बात बताया.
मंन्टू कुमार की रिपोर्ट--
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।