Live

BIHAR NEWS

दरभंगा में हाई टेंशन टावर पर चढ़ी मूक-बधिर किशोरी , 5 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद नीचे उतारी गई बच्ची को

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

दरभंगा: जिले के सिंहवाड़ा थाना क्षेत्र के कलिगांव पंचायत स्थित चौर से गुजरने वाले हाईटेंशन बिजली टावर पर शुक्रवार को एक मूक-बधिर किशोरी के चढ़ जाने से इलाके में अफरातफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए. लोग लगातार आवाज लगाकर किशोरी को नीचे उतरने की अपील करते रहे,लेकिन मूक-बधिर होने के कारण वह किसी की बात नहीं सुन सकी और टावर के सबसे ऊपरी हिस्से तक पहुंच गई. इसकी सूचना मिलते ही सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष बसंत कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया. करीब पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस एवं स्थानीय लोगों की मदद से किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारा गया.

बताया जा रहा है कि दरभंगा से सीतामढ़ी जाने वाली चार लाख वोल्टेज लाइन के हाई टेंशन टावर पर किशोरी दास की 14 वर्षीय पुत्री धनवंती कुमारी चढ़ गई थी. धनवंती के परिजन ने बताया कि उनकी पुत्री शुक्रवार की दोपहर करीब तीन बजे चौर में भैंस चराने गई थी. करीब चार बजे जानकारी मिली कि वह हाई टेंशन बिजली टावर पर काफी ऊंचाई तक चढ़ गई है. परिजनों के अनुसार धनवंती मानसिक रूप से कमजोर है तथा मूक-बधिर भी है. उसके पिता बाहर प्रदेश में मजदूरी करते हैं,जबकि वह अपनी मां और पांच बहनों के साथ गांव में रहती है.

सिंहवाड़ा थानाध्यक्ष बसंत कुमार ने बताया कि काफी प्रयास के बाद किशोरी का सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया. जिसके बाद अस्पताल में चिकित्सा जांच कराई गई. सब कुछ सही पाया गया. इसके बाद बच्ची परिजन को सौंप दिया गया.

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें