Hindi News / सीतामढ़ी में कांग्रेस ने महंगाई, बेरोजगारी समेत कई मुद्दों को लेकर सरकार के...

BIHAR NEWS : सीतामढ़ी में कांग्रेस ने महंगाई, बेरोजगारी समेत कई मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन

Edited By:  |
bihar news

सीतामढ़ी : अखिल भारतीय कांग्रेस कमिटी एवं बिहार प्रदेश कांग्रेस कमिटी के निर्देशानुसार महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, पेपर लीक, सर्वे में हो रही गड़बड़ी, महाविद्यालयों में प्राध्यापकों की कमी, खाद एवं बीज की कालाबाजारी, सरकारी अस्पतालों की बदहाली, दाखिल-खारिज प्रक्रिया में व्याप्त भ्रष्टाचार सहित विभिन्न ज्वलंत मुद्दों को लेकर शनिवार को जिला मुख्यालय डुमरा के अम्बेडकर स्थल पर जिलाध्यक्ष अमित कुमार टुन्ना की अध्यक्षता में एक दिवसीय धरना सह विरोध प्रदर्शन किया गया. धरना के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला मुख्यालय का घेराव किया.

धरना को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष अमित कुमार टुन्ना ने कहा कि आम जनता महंगाई, बेरोजगारी, पेपर लीक और बिगड़ती कानून-व्यवस्था से परेशान है. डबल इंजन की सरकार में बिहार का विकास प्रभावित हुआ है और राज्य में उद्योग-धंधों की कमी के कारण युवाओं के सामने रोजगार का संकट गहराता जा रहा है.

वरिष्ठ कांग्रेस नेता सीताराम झा, प्रदेश कांग्रेस प्रतिनिधि डॉ. राजीव कुमार काजू, रितेश रमण सिंह, संजय कुमार बिररख, मो. शम्स शाहनवाज, अंजारुल हक तौहीद, आफताब अंजुम बिहारी, तारकान्त झा, आलोक सिंह राठौर, ऋतु ठाकुर, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष डॉ. रोहन कुमार गुप्ता आदि ने कहा कि बिहार में लगातार प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है. परीक्षा की व्यवस्था करने में भी सरकार नाकाम हो रही है. उन्होंने परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और विश्वसनीय बनाने की मांग की.

प्रखंड कांग्रेस अध्यक्ष विजय सिंह राठौर, प्रो. राम प्रवेश कुशवाहा, संतोष पासवान, चुन्नू सिंह, मनोज कुमार झा, चन्द्र भूषण सिंह, राजीव कुमार झा, जैनेन्द्र कुमार राम, इंटक अध्यक्ष दिलीप पांडे, प्रो. रंजीत गुप्ता, आलोक कुमार सिंह, धीरज कुमार सिंह, अख्तर रजा खान, दिनेश राय, सुंदरम पाठक, अवधेश सिंह, प्रमोद कुमार सिंह, मो. इसराइल, डॉ. बृजमोहन कुमार, राजू कुमार, उमा देवी ने कहा कि रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल तथा दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने आम और मध्यमवर्गीय परिवारों का बजट बिगाड़ दिया है. बढ़ती परिवहन लागत का असर बाजार में लगभग सभी वस्तुओं की कीमतों पर पड़ रहा है, जिससे आम लोगों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है.

धरना में शैलेन्द्र खिरहर, डीएन प्रसाद, निरंजन महतो, सलीम अंसारी, मो. तनवीर खान, गुड्डू कुमार, उर्मिला देवी, इरशाद खान कैप्टन, राम चंद्र पासवान, कमलेश कुमार, गगन पासवान, योगेश्वर महतो, सुमन कुमारी, सुरेश कुमार, भोला राम सहित सैकड़ों लोगों ने भाग लिया.

डीएम को सौंपा ज्ञापन

धरना प्रदर्शन के पश्चात जिलाध्यक्ष अमित कुमार टुन्ना के नेतृत्व में कांग्रेस नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला पदाधिकारी रिची पांडे से मिलकर महामहिम राज्यपाल महोदय को समर्पित पांच सूत्री मांगपत्र सौंपा. इसमें बढ़ती महंगाई को कम करने के लिए अविलंब ठोस कदम उठाने, शिक्षित युवाओं को नौकरी एवं रोजगार देने के लिए सरकारी विभागों में नए पदों के सृजन के साथ रिक्त पदों पर अविलंब नियुक्तियां करने, पलायन रोकने के लिए जिला स्तर पर रोजगार सृजन के लिए उद्योग-कारखाने खोलने को बढ़ावा देने, पेपर लीक के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए परीक्षा प्रणाली को फूलप्रूफ बनाने, खाद एवं बीज की कालाबाजारी रोकने के लिए ठोस कदम उठाने एवं सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति के तहत सख्त कार्रवाई करने जैसी मांगें शामिल हैं.