Hindi News / नालंदा के नगरनौसा मध्य विद्यालय, कैला में मिड डे मिल में गड़बड़ी...

BIHAR NEWS : नालंदा के नगरनौसा मध्य विद्यालय, कैला में मिड डे मिल में गड़बड़ी की शिकायत की जांच शुरु

Edited By:  |
bihar news

नालंदा : जिले के नगरनौसा स्थित मध्य विद्यालय,कैला में विगत बुधवार को बच्चों को परोसे गए मध्याह्न भोजन खाने से कई बच्चों के बीमार होने की घटना की विधिवत जांच शुरू कर दी गई है. इस मामले में नगरनौस के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी ने नगरनौसा थाने में प्राथमिकी भी दर्ज कराई है. साथ ही,नालंदा के जिला शिक्षा पदाधिकारी ने मध्य विद्यालय,कैला की प्रभारी प्रधानाध्यापिका से मध्याह्न भोजन करने वाले बच्चों के बीमार पड़ने के संबंध में तत्काल स्पष्टीकरण की मांग की है.

इस बीच, नगरनौसा थाने ने भी अपनी जांच शुरू कर दी है और स्कूल की प्रभारी प्रधानाध्यापिका के साथ स्कूल के अन्य शिक्षकों व मिड डे मिल तैयार करने वाले रसोइया से पूछताछ शुरू कर दी है. हालांकि मध्याह्न भोजन खाकर बीमार होने वाले सभी बच्चों का प्राथमिक इलाज करने के बाद उन्हें अस्पताल से घर भेज दिया गया है. बीमार पड़ने वाले सभी बच्चे बिलकुल स्वस्थ हैं. उधर, नगरनौसा थाने की पुलिस ने स्कूल की प्रभारी प्रधानाध्यापिका समेत संबंधित शिक्षकों और रसोइया का बयान दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है. बता दें कि बुधवार को जैसे ही मध्याह्न भोजन करने वाले बच्चों ने अपनी तबियत खराब होने की शिकायत स्कूल के शिक्षकों से की थी, वैसे ही इसकी सूचना नगरनौसा थाने को उपलब्ध करा दी गई. समय पर डायल 102 पर फोन करके एम्बुलेंस को बुलाया गया और सभी बीमार बच्चों को नगरनौसा के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया. जहां समुचित इलाज मिलने के बाद सभी बच्चों को उनके घर भेज दिया गया.