BIHAR NEWS
मोकामा में शराब माफिया का ‘आसमान’ वाला खेल, असमान में शराब की भट्ठी
मोकामा में शराब माफिया ने पुलिस से बचने के लिए ऐसा तरीका अपनाया कि पुलिस भी देखकर हैरान रह गई। जमीन और पानी के बाद अब पेड़ों पर देसी शराब की भट्ठियां सजाकर शराब बनाने का मामला सामने आया है। मोकामा पुलिस ने सुल्तानपुर दियारा में कार्रवाई करते हुए शराब तस्करों के इस नए ठिकाने का खुलासा किया है।प्रभारी मेकरा ओपी अध्यक्ष नवनीत कुमार के नेतृत्व में पुलिस ने सोमवार को दियारा इलाके में छापेमारी की। इस दौरान पुलिस की नजर सूखे पेड़ों पर बनाए गए मचान पर पड़ी। जब पुलिस वहां पहुंची तो पेड़ के ऊपर बाकायदा देसी शराब की भट्ठियां जलती मिलीं। यानी तस्करों ने जमीन पर पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए अपना ‘कारखाना’ ही पेड़ पर शिफ्ट कर दिया था।
पुलिस के मुताबिक कम से कम चार सूखे पेड़ों पर मचान बनाकर शराब तैयार की जा रही थी। कार्रवाई के दौरान करीब 1000 लीटर अर्धनिर्मित देसी शराब बरामद हुई, जिसे मौके पर ही नष्ट कर दिया गया। पुलिस ने पेड़ों पर चल रही चारों भट्ठियों को भी ध्वस्त कर दिया। सबसे बड़ी बात यह है कि पुलिस ने मौके से एक नामी शराब तस्कर को गिरफ्तार किया है। इससे तस्करी के पूरे नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।मोकामा पुलिस का कहना है कि शराब माफिया लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है। पहले जल और थल में शराब बनाने के मामले सामने आए, लेकिन अब तस्करों ने ‘नभ’ को भी अपना ठिकाना बना लिया। पुलिस का कहना है कि तस्करों के इस नए हथकंडे के बाद कार्रवाई की रणनीति भी बदली जा रही है।
यानी शराबबंदी के बीच मोकामा में माफिया का नया जुगाड़—पेड़ पर मचान, ऊपर भट्ठी और नीचे पुलिस से बचने की तैयारी!
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।