BIHAR NEWS
अनंत सिंह बेटी की शादी में दामाद को देंगे 2 करोड़ की लैंड रोवर डिफेंडर, 4 लाख मेहमानों के भोजन का इंतजाम
मोकामा के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की शादी इन दिनों बिहार में चर्चा का विषय बनी हुई है। 25 नवंबर को उनके पैतृक गांव नदावां में होने वाली इस शादी को भव्य और शाही अंदाज में आयोजित करने की तैयारी चल रही है। शादी में मेहमानों के स्वागत से लेकर खानपान और उपहार तक की विशेष व्यवस्था की जा रही है।मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, अनंत सिंह अपने होने वाले दामाद ऋषिकेश कुमार को करीब डेढ़ से दो करोड़ रुपये की लैंड रोवर डिफेंडर गिफ्ट कर सकते हैं। ऋषिकेश कुमार पटना से सटे बिहटा के रहने वाले हैं और अमेरिका में रहते हैं। बताया जा रहा है कि यह लग्जरी गाड़ी पटना पहुंच चुकी है और अनंत सिंह के आवास पर खड़ी है। शादी समारोह में यह गाड़ी खास आकर्षण का केंद्र बन सकती है।
शादी की तैयारियों के तहत करीब 10 बीघा जमीन पर भव्य टेंट और पंडाल लगाया जा रहा है। इसके लिए उत्तर प्रदेश के मऊ से कारीगर बुलाए गए हैं। मीडिया रिपोर्टों में करीब चार लाख लोगों के भोजन की व्यवस्था किए जाने और 150 से अधिक प्रकार के पकवान बनाए जाने की चर्चा है।इस शादी में राजनीतिक, सामाजिक और फिल्मी जगत की कई जानी-मानी हस्तियों के शामिल होने की संभावना जताई जा रही है। अनंत सिंह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, लालू प्रसाद यादव और नीतीश कुमार सहित कई प्रमुख नेताओं को निमंत्रण देने की बात भी कही है।
फिलहाल, मोकामा से लेकर पटना तक इस शाही शादी की तैयारियों और महंगे उपहार को लेकर खूब चर्चा हो रही है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।