BIHAR NEWS : बोधगया में 9 वर्षीय बच्चे के लापता होने पर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम, दो घंटे तक आवागमन बाधित
बोधगया: जिले के बोधगया थाना क्षेत्र में9वर्षीय बच्चे के लापता होने से आक्रोशित ग्रामीणों ने बोधगया-मोहनपुर मुख्य सड़क शिलौंजा गाँव में करीब दो घंटे तक जाम कर दिया. सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों के साथ-साथ स्कूली बच्चे भी काफी देर तक जाम में फंसे रहे.

बताया जा रहा है कि बतसपुर गांव निवासी अनिकेत कुमार, उम्र करीब9वर्ष, शुक्रवार की शाम लगभग सात बजे साइकिल लेकर घर से निकला था. इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा. काफी खोजबीन के बावजूद बच्चे का पता नहीं चलने पर परिजन और ग्रामीणों में चिंता बढ़ गई.

शनिवार को ग्रामीणों ने बच्चे की बरामदगी की मांग को लेकर बोधगया-मोहनपुर मुख्य सड़क को जाम कर दिया. इसकी सूचना मिलते ही बोधगया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर करीब दो घंटे बाद सड़क जाम समाप्त कराया.
बोधगया थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि बच्चे के लापता होने की सूचना शुक्रवार रात ही पुलिस को मिली थी. पुलिस ने बच्चे की तस्वीर सोशल मीडिया पर प्रसारित कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी. हालांकि, बच्चे के परिजनों की ओर से थाने में अब तक लिखित आवेदन नहीं दिया गया है और ग्रामीणों ने अचानक सड़क जाम कर दिया.
पुलिस के अनुसार, ग्रामीणों द्वारा उपलब्ध कराए गए सीसीटीवी फुटेज में बच्चे को साइकिल से जाते हुए देखा गया है. फुटेज के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और बच्चे की तलाश के लिए संभावित स्थानों पर छानबीन की जा रही है.
फिलहाल बच्चे के लापता होने के बाद परिवार में चिंता का माहौल है, जबकि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से बच्चे का सुराग तलाशने में जुटी है.
बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट -