Hindi News / औरंगाबाद में कांग्रेस ने NEET पेपर लीक समेत कई मुद्दों पर सरकार के...

BIHAR NEWS : औरंगाबाद में कांग्रेस ने NEET पेपर लीक समेत कई मुद्दों पर सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन

Edited By:  |
bihar news

औरंगाबाद : कांग्रेस पार्टी ने औरंगाबाद में शनिवार को केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया. दानी बिगहा स्थित स्वर्गीय सत्येंद्र नारायण सिन्हा पार्क में आयोजित इस धरने में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने NEET पेपर लीक, बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के मुद्दे पर सरकार को घेरा.

जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले आयोजित एक दिवसीय धरना कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए. धरना के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र और बिहार सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और युवाओं, किसानों तथा आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक आनंद शंकर सिंह ने केंद्र की एनडीए सरकार और बिहार सरकार पर तीखा हमला बोला. उन्होंने कहा कि देश में लगातार महंगाई बढ़ रही है, जिससे आम लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है. पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की कीमतों में वृद्धि ने जनता की कमर तोड़ दी है. उन्होंने आरोप लगाया किNEET पेपर लीक जैसी घटनाओं ने देश के लाखों युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है. वहीं बढ़ती बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के कारण युवाओं में निराशा का माहौल है. उन्होंने कहा कि सरकार रोजगार देने में विफल साबित हुई है और जनता के मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास किया जा रहा है.

धरना में शामिल नेताओं ने मांग की कि पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच हो, महंगाई पर नियंत्रण किया जाए, युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाए तथा भ्रष्टाचार पर सख्त कार्रवाई की जाए. कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जनता की समस्याओं का समाधान नहीं करती है तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

औरंगाबाद से मंन्टू कुमार की रिपोर्ट