BIHAR NEWS
सोने की कीमतों में भारी गिरावट से बाजार में रौनक, ग्राहकों के लिए खरीदारी का सही समय
सोने की कीमतों में पिछले कुछ दिनों से जारी भारी गिरावट के बीच अब सर्राफा बाजार की नजर ग्राहकों की वापसी और कारोबार की स्थिति पर टिकी है। सोने का भाव लगभग एक साल के निचले स्तर पर पहुंचने से देश के साथ-साथ बिहार के सर्राफा बाजार में भी नई हलचल देखी जा रही है। इस पूरे घटनाक्रम पर ऑल इंडिया ज्वेलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन यानी AIJGF के बिहार प्रदेश अध्यक्ष अशोक कुमार वर्मा ने अपनी प्रतिक्रिया दी है।अशोक कुमार वर्मा का कहना है कि बीते कुछ महीनों में सोने के दाम लगातार बढ़ने के कारण आम ग्राहकों ने गहनों की खरीदारी काफी सीमित कर दी थी। अब कीमतों में आई गिरावट से बाजार में ग्राहकों की रुचि फिर से बढ़ने की उम्मीद जगी है। खासकर जिन परिवारों में शादी-विवाह की खरीदारी होनी है, उनके लिए यह राहत की खबर मानी जा रही है।
हालांकि,श्री वर्मा ने यह भी स्पष्ट किया कि सोने के घटते दामों का असर सर्राफा बाजार पर दो तरह से पड़ रहा है। एक ओर ग्राहकों को कम कीमत पर सोना खरीदने का मौका मिल रहा है,तो दूसरी ओर ज्वेलर्स और छोटे व्यापारियों को अपने पुराने स्टॉक की कीमत घटने से आर्थिक दबाव झेलना पड़ रहा है। जिन कारोबारियों ने पहले ऊंचे भाव पर सोना खरीदा था,उन्हें मौजूदा दरों पर बिक्री करने में नुकसान उठाना पड़ सकता है।
उनके मुताबिक, दाम कम होने से शोरूम में पूछताछ और लोगों की आवाजाही तो बढ़ सकती है, लेकिन सिर्फ कीमत घटने से कारोबार में तुरंत बड़ी तेजी आ जाए, ऐसा जरूरी नहीं है। ग्राहकों की क्रय शक्ति, रोजगार की स्थिति और आगे कीमतों को लेकर बनी अनिश्चितता भी खरीदारी के फैसले को प्रभावित करती है। आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय बाजार के रुख, अमेरिकी डॉलर की मजबूती, ब्याज दरों, केंद्रीय बैंकों की नीतियों और भू-राजनीतिक हालात से सोने की चाल तय होगी।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।