BIHAR NEWS : जमुई में भीषण गर्मी से स्कूल में बेहोश हुआ कक्षा 7 का छात्र, सीएचसी में चल रहा इलाज
जमुई: जिले केगिद्धौर में भीषण गर्मी का असर अब स्कूलों में दिखने लगा है. गिद्धौर प्रखंड के मध्य विद्यालय मौरा में गुरुवार को प्रार्थना सत्र के दौरान कक्षा सात का छात्र आयुष कुमार अचानक बेहोश हो गया. गर्मी से तबीयत बिगड़ने पर मौके पर मौजूद प्रधानाध्यापक विजय कुमार मंडल और अन्य शिक्षकों ने उसे प्राथमिक उपचार दिया. आनन फानन में सूचना परिजनों को दी गयी, जिसके बाद बेहोश हुए छात्र आयुष को दिग्विजय सिंह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गिद्धौर ले जाया गया. जहां चिकित्सकों द्वारा उसका इलाज जारी है.
विद्यालय में छात्र के बेहोश होने से बच्चों में अफरा-तफरी का माहौल हो गया. उल्लेखनीय है कि बीते मंगलवार को भी प्राथमिक विद्यालय बानाडीह की एक शिक्षिका भी हीट वेव की चपेट में आकर बेहोश हुई थीं. डॉक्टरों ने लोगों को सलाह दी है कि इस भीषण गर्मी में हीट स्ट्रोक से बचाव के लिए विशेष एहतियात बरतें.
जमुई से सदानंद कुमार की रिपोर्ट--