BIHAR NEWS : दिव्यांग महिला की पीड़ा सुन वैशाली डीएम ने दिलाई ट्राइ साइकिल और पेंशन, मुखिया के खिलाफ जांच का दिया आदेश
हाजीपुर : वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह ने दिव्यांग महिला सोनम कुमारी की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की और दिव्यांग को ट्राइ साइकिल दी. चलने-फिरने में असमर्थ सोनम कुमारी ने डीएम से मिलकर बताया कि उन्हें कोई सरकारी लाभ नहीं मिल रहा है.
सोनम ने कहा कि मुखिया ने ट्राइ साइकिल और पेंशन दिलाने के नाम पर उनसे पैसे भी लिए, लेकिन आज तक कोई सुविधा नहीं मिली. वे गांव में बच्चों को पढ़ाकर जीवन यापन कर रही हैं.
दिव्यांग महिला की पीड़ा सुनते ही डीएम वर्षा सिंह ने मौके पर ही अधिकारियों को आदेश दिया. उन्होंने एक घंटे के भीतर सोनम कुमारी को ट्राइ साइकिल उपलब्ध कराने और पेंशन की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया.
डीएम के आदेश के बाद समाज कल्याण विभाग ने तत्काल कार्रवाई की. सोनम कुमारी को ट्राइ साइकिल सौंपी गई और पेंशन स्वीकृत कर दी गई.
डीएम ने कहा कि दिव्यांगजनों को उनका हक दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है. लापरवाही बरतने वाले मुखिया के खिलाफ जांच के आदेश भी दिए गए हैं.
हाजीपुर से पंकज चौहान की रिपोर्ट-