BIHAR NEWS : CM नीतीश से BTMC प्रतिनिधिमंडल ने की मुलाकात, महाबोधि महाविहार के विकास पर की चर्चा

Edited By:  |
bihar news

बोधगया : गया के बोधगया मंदिर प्रबंधन समिति (बीटीएमसी) के सचिव डॉ. महाश्वेता महारथी,मुख्य भिक्षु चालिंडा तथा कार्यवाहक भिक्षु दिनानंद ने मंगलवार सुबह बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिष्टाचार मुलाकात की.

मुलाकात के दौरान बीटीएमसी प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को उनके अनुकरणीय नेतृत्व के लिए बधाई दी और कहा कि उनके मार्गदर्शन में बिहार ने समग्र विकास की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है. विशेष रूप से बौद्ध परिपथ और बोधगया क्षेत्र में किए गए विकास कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इन पहलों से राज्य को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली है.

प्रतिनिधिमंडल ने बोधगया स्थित विश्व धरोहर स्थल महाबोधि महाविहार के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण में राज्य सरकार के सहयोग के लिए आभार प्रकट किया. उन्होंने कहा कि इन प्रयासों से न केवल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिला है,बल्कि वैश्विक बौद्ध समुदाय में भी सकारात्मक संदेश गया है.

इस अवसर पर बीटीएमसी की ओर से मुख्यमंत्री को महाबोधि महाविहार की खूबसूरती से तैयार की गई लकड़ी की प्रतिकृति,विधिवत प्रमाणित पवित्र बोधि पत्ती तथा बौद्ध कला पर आधारित एक विशेष पोर्टफोलियो भेंट किया गया.

भिक्षुओं ने मुख्यमंत्री को आशीर्वाद देते हुए उनके उत्तम स्वास्थ्य,दीर्घायु और बिहारवासियों की निरंतर सेवा के लिए मंगलकामना की. साथ ही श्रद्धा और सद्भावना के प्रतीक के रूप में मंदिर का प्रसाद भी अर्पित किया गया.

यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई,जिसमें बोधगया के समग्र विकास और बौद्ध विरासत के संरक्षण पर सकारात्मक चर्चा हुई.

बोधगया से मनोज सिंह की रिपोर्ट--