BIHAR NEWS
प्रेमिका के सामने प्रेमी ने लगाई फांसी, मां का आया फोन; भागलपुर में बगीचे में मिला युवक का शव, जांच में जुटी पुलिस
बिहार के भागलपुर से आत्महत्या का एक मामला सामने आया है। पीरपैंती प्रखंड के एकचारी दियारा थाना क्षेत्र के छोटी चटाइयां स्थित एक बगीचे में युवक का शव पेड़ से लटका मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।मृतक की पहचान नाथनगर प्रखंड के नरगा मोहनपुर निवासी सूरज कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि सूरज के माता-पिता गुजरात में रहते हैं और वह कुछ दिन पहले गुजरात से बिहार आया था। घटना से करीब दो दिन पहले वह अपने ननिहाल आया था।
पुलिस के अनुसार, सूरज का एक नाबालिग लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। गुरुवार की रात वह लड़की से मिलने छोटी चटाइयां स्थित बगीचे में पहुंचा था। दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। बताया जा रहा है कि युवक ने आत्महत्या करने की धमकी दी, लेकिन लड़की वहां से वापस जाने लगी।आरोप है कि इसके बाद युवक ने पेड़ में बेल्ट का फंदा डालकर फांसी लगा ली। आवाज सुनकर लड़की वापस लौटी तो उसने युवक को पेड़ से लटका देखा। इसी दौरान सूरज की मां का गुजरात से फोन आया। लड़की ने फोन उठाकर मां को पूरी घटना की जानकारी दी।
इसके बाद परिजनों ने सूरज के ननिहाल में फोन कर घटना बताई। परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। देर रात एकचारी दियारा थानाध्यक्ष बबलू कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। FSL टीम को भी बुलाया गया। पुलिस नाबालिग लड़की से पूछताछ कर घटना के कारणों की जानकारी जुटा रही है।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।