Live

BIHAR NEWS

बिहार में फार्मासिस्ट बहाली पर घमासान, बी-फार्मा डिग्रीधारी अनशन पर, डिप्लोमा धारकों ने कोर्ट आदेशों का हवाला देकर किया विरोध प्रदर्शन

S
Srishtyलेखक

बिहार में फार्मासिस्ट की नौकरी को लेकर बी-फार्मा डिग्रीधारी और डिप्लोमा फार्मासिस्ट एक बार फिर आमने-सामने हैं। पटना के गर्दनीबाग धरनास्थल पर बी-फार्मा डिग्रीधारियों ने फार्मासिस्ट बहाली में केंद्रीय भर्ती, पदोन्नति एवं सेवा विनियम-2025 लागू करने की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन अनशन शुरू कर दिया है।आंदोलनकारियों का कहना है कि राज्य में फार्मासिस्ट नियुक्ति के नियमों में बदलाव के कारण बी-फार्मा डिग्रीधारियों को रोजगार के अवसरों से वंचित किया जा रहा है। उनका दावा है कि 2024 में नियमावली में संशोधन के बाद अस्पतालों में फार्मासिस्ट नियुक्ति से बी-फार्मा डिग्रीधारियों को बाहर कर दिया गया। इससे करीब 25 हजार बी-फार्मा फार्मासिस्ट प्रभावित होने का दावा किया जा रहा है।बी-फार्मा डिग्रीधारियों का कहना है कि 2473 फार्मासिस्ट पदों की बहाली में उन्हें मौका नहीं मिला और बड़ी संख्या में पद खाली रह गए। आंदोलनकारी केंद्रीय नियम लागू करने की मांग पर अड़े हैं।

वहीं, डिप्लोमा फार्मासिस्ट ऑर्गेनाइजेशन छात्र संघ ने इस आंदोलन का विरोध किया है। संगठन का कहना है कि फार्मासिस्ट पद के लिए डिप्लोमा इन फार्मेसी को निर्धारित शैक्षणिक योग्यता बनाए रखने को पटना हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट के आदेशों से समर्थन मिला है।डिप्लोमा फार्मासिस्ट संगठन ने मुख्यमंत्री, स्वास्थ्य मंत्री, डीजीपी, डीएम और एसएसपी को पत्र देकर आंदोलनकारियों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने चेतावनी दी है कि आंदोलन जारी रहने पर डिप्लोमा फार्मासिस्ट भी सड़क पर उतरकर विरोध करेंगे।

फार्मासिस्ट पद की शैक्षणिक योग्यता को लेकर दोनों पक्षों के आमने-सामने आने से बिहार में बहाली का पुराना विवाद एक बार फिर गरमा गया है।

पटना से संजय कुमार की रिेपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें