Live

BIHAR NEWS

गोवा फिल्म फेस्टिवल में बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति पर होगी चर्चा, प्रोड्यूसर साझा करेंगे अपना अनुभव

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

गोवा में 20 नवंबर से शुरू हो रहे 57वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) में बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम के प्रबंध निदेशक प्रणव कुमार (आईएएस) के नेतृत्व में चार सदस्यीय टीम बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति 2024 का व्यापक प्रचार-प्रसार करेगी एवं फिल्म निर्माताओं से बातचीत कर राज्य में निवेश के लिए प्रेरित करेगी। बिहार फिल्म निगम की ओर से फिल्म बाजार में बिहार पवेलियन स्थापित किया गया है। यहां फिल्म निर्माता बिहार फिल्म निगम के अधिकारियों से बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति से जुड़ी जानकारी प्राप्त करने के साथ ही फिल्म उद्योग में नवाचार पर चर्चा कर सकते हैं। विगत वर्षों में फिल्म बाजार फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों को जोड़ने का एक सशक्त माध्यम बनकर उभरा है।

गोवा फिल्म फेस्टिवल के दौरान 20 से 24 नवंबर तक लगने वाले फिल्म बाजार में बिहार पवेलियन के माध्यम से फिल्म निर्माताओं के साथ ही फिल्म उद्योग से जुड़े लोगों को बिहार फिल्म प्रोत्साहन नीति 2024, राज्य के शूटिंग लोकेशन, बिहार पोर्टल रजिस्ट्रेशन, फिल्म निगम के अन्य क्रियाकलाप आदि की जानकारी दी जाएगी एवं राज्य में फिल्म उद्योग को विकसित करने को लेकर सुझाव मांगे जाएंगे।

इस दौरान निगम के प्रतिनिधि यहां भाग ले रहे अन्य राज्यों के प्रतिनिधियों से फिल्म उद्योग से जुड़े नवाचारों को समझेंगे।

IFFI के इस संस्करण में फिल्म निगम की ओर से 23 नवम्बर को शाम 4:30 बजे से 'पॉलिसी टू पिक्चर: बिहार सिनेमैटिक राइज' विषय पर चर्चा सत्र का आयोजन किया जाना है। इस सत्र में हिंदी फिल्म रजनी की बारात की निर्माता तनाया अदरकर प्रभु और हिंदी फिल्म टिया के निर्माता सागर श्रीवास्तव बिहार में फिल्म शूटिंग से जुड़े अपने अनुभव फिल्म कम्युनिटी से साझा करेंगे। फिल्म रजनी की बारात की शूटिंग मुख्य रूप से दरभंगा में हुई है जबकि टिया की शूटिंग वाल्मीकि नगर सहित राज्य के कई जिलों में हुई है। इस सत्र में अभिनेता पंकज झा एवं इंडियन मोशन पिक्चर एसोसिएशन(इंपा) के अध्यक्ष अभय सिन्हा अपने विचार रखेंगे। फिल्म निगम की ओर से चर्चा में प्रो. अरविंद रंजन दास शामिल होंगे। मंच संचालन की जिम्मेदारी फिल्म समीक्षक कोमल नहटा को दी गई है।

IFFI का आयोजन 20 से 28 नवंबर तक गोवा के विभिन्न स्थानों पर हो रहा है। इस दौरान फिल्म बाजार के आयोजन के साथ ही फिल्म स्क्रीनिंग, वर्कशॉप, पैनल डिस्कशन में शामिल होने के लिए देश-विदेश से फिल्म जगत से जुड़े लोग गोवा पहुंच रहे हैं।

कला एवं संस्कृति मंत्री डॉ. प्रमोद कुमार ने गोवा फिल्म फेस्टिवल में भाग ले रहे प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं दी है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बिहार फिल्म निर्माताओं के लिए पसंदीदा जगह बनेगी। इस दिशा में सरकार लगातार काम कर रही है।

गोवा फिल्म फेस्टिवल में भाग लेने गई चार सदस्यीय टीम में बिहार फिल्म निगम के परामर्शी(फिल्म) प्रो. अरविंद रंजन दास, कनीय परामर्शी(संचार) कुमार गौरव एवं सोशल मीडिया मैनेजर अनुभव सागर शामिल हैं।

पटना से राजीव रंजन की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें