BIHAR NEWS
रांची-पटना मुख्य मार्ग को सुरक्षित और सुगम बनाने में जुटा NHAI
राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की ओर से रांची-पटना मुख्य मार्ग पर सड़क सुरक्षा और मार्ग सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्य तेज कर दिए गए हैं। परियोजना क्रियान्वयन इकाई (PIU) रांची द्वारा वाहन चालकों को बेहतर दृश्यता और स्पष्ट मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के लिए रोड स्टड्स लगाने के साथ एज लाइन मार्किंग और कर्ब पेंटिंग का कार्य कराया जा रहा है।NHAI के क्षेत्रीय अधिकारी संतोष कुमार आर्य ने बताया कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा मानकों को मजबूत करने के लिए लगातार आवश्यक कार्य किए जा रहे हैं। रोड स्टड्स, एज लाइन मार्किंग और कर्ब पेंटिंग से सड़क की दृश्यता, सुरक्षा और समग्र स्वरूप में सुधार होगा।
PIU रांची के परियोजना निदेशक अमित रौशन ने कहा कि इन कार्यों का मुख्य उद्देश्य रात और कम दृश्यता वाली परिस्थितियों में वाहन चालकों को बेहतर मार्गदर्शन देना और दुर्घटनाओं की संभावना को कम करना है। उन्होंने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की अपील की।रोड स्टड्स से रात के समय सड़क की दिशा और सीमाओं को पहचानने में मदद मिलेगी। वहीं, एज लाइन मार्किंग से सड़क की सीमाएं अधिक स्पष्ट होंगी। कर्ब पेंटिंग से मार्ग की दृश्यता और सौंदर्यीकरण में भी सुधार होगा।
NHAI का कहना है कि सड़क उपयोगकर्ताओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए राष्ट्रीय राजमार्गों को अधिक सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बनाने के लिए ऐसे कार्य लगातार जारी रहेंगे।
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।