BIHAR NEWS : हिसुआ में ‘वोटर अधिकार यात्रा’ को लेकर भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच टकराव, स्थिति तनावपूर्ण

NAWADA : कांग्रेस की ओर से मतदाता सूची में गड़बड़ियों के खिलाफ निकाली जा रही वोटर अधिकार यात्रा को लेकर हिसुआ में बुधवार को राजनीतिक तापमान चरम पर पहुंच गया। विश्व शांति चौक पर पोस्टर लगाने और हटाने को लेकर कांग्रेस और भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी के बाद मामला बढ़ गया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए।
घटना के दौरान कांग्रेस नेता और हिसुआ की वर्तमान विधायक नीतू कुमारी और भाजपा के पूर्व विधायक अनिल सिंह के बीच तीखी बहस देखने को मिली। स्थिति तब और बिगड़ गई जब कांग्रेस नेता राहुल गांधी की यात्रा शुरू होने ही वाली थी। इस हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस बल की तैनाती की गई और जिला प्रशासन ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए भाजपा के पूर्व विधायक अनिल सिंह को हिरासत में लेकर हिसुआ थाना भेजा।
थाने में हिरासत के दौरान अनिल सिंह अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस और महागठबंधन के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आए। उन्होंने राहुल गांधी की यात्रा के विरोध में काला झंडा दिखाने की भी बात कही। दूसरी ओर, कांग्रेस विधायक नीतू कुमारी के समर्थकों का मनोबल मजबूत दिखाई दिया और उन्होंने यात्रा को सफल बनाने का संकल्प दोहराया। फिलहाल हिसुआ में दोनों दलों के बीच तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है। जिला प्रशासन द्वारा स्थिति को सामान्य करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल की तैनाती की गई है।