Live

BIHAR NEWS

पटना यूनिवर्सिटी के हॉस्टलों में नो वैकेंसी, आवंटन से पहले ही भरे कमरे, 2027 तक नए छात्रों को हॉस्टल मिलने में परेशानी

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

Patna : पटना विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र में नामांकन लेने वाले विद्यार्थियों के सामने छात्रावास में रहने की समस्या खड़ी हो गई है। विश्वविद्यालय के स्नातक (यूजी) छात्रावासों में आवंटन प्रक्रिया शुरू होने से पहले ही लगभग सभी कमरे भर चुके हैं। ऐसे में नए विद्यार्थियों को हॉस्टल मिलना मुश्किल नजर आ रहा है। सबसे अधिक परेशानी छात्राओं को होने की आशंका है।

विश्वविद्यालय में छह वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम लागू होने के कारण छात्रावासों में सीटें खाली नहीं हो पा रही हैं। शैक्षणिक सत्र 2023-27 में नामांकन लेने वाले विद्यार्थियों की पढ़ाई अभी जारी है। इनका पाठ्यक्रम वर्ष 2027 में पूरा होगा। तब तक अधिकांश विद्यार्थी छात्रावासों में रहेंगे। उनके कमरे खाली होने के बाद ही नए विद्यार्थियों के लिए सीटें उपलब्ध हो सकेंगी।

महिला छात्रावासों में सीटों की भारी कमी

महिला छात्रावासों में स्थिति और भी गंभीर है। गंगा महिला छात्रावास में पटना कॉलेज, साइंस कॉलेज, वाणिज्य महाविद्यालय, बीएन कॉलेज और मगध महिला कॉलेज की छात्राओं को आवंटन किया जाता है। यहां कुल 88 छात्राओं के रहने की व्यवस्था है, लेकिन वर्तमान में केवल नौ सीटें ही खाली हैं।

वहीं, मगध महिला कॉलेज परिसर स्थित छात्रावास में कुल 530 छात्राओं के रहने की व्यवस्था है। इनमें वर्ष 2023 में नामांकन लेने वाली 375 छात्राओं की पढ़ाई अभी जारी है। ऐसे में उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार नए विद्यार्थियों के लिए अधिकतम 155 सीटें ही संभावित रूप से उपलब्ध हो सकती हैं।

बीएन कॉलेज, साइंस कॉलेज और पटना कॉलेज के छात्रावासों में भी सीटों की उपलब्धता सीमित है। अधिकांश कमरे पहले से आवंटित हैं।

2027 में खाली होंगे कमरे

छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष (डीएसडब्ल्यू) प्रो. कामेश्वर पंडित के अनुसार छह वर्षीय स्नातक पाठ्यक्रम के कारण वर्ष 2023 में नामांकन लेने वाले विद्यार्थी अभी छात्रावासों में रह रहे हैं। उनका पाठ्यक्रम 2027 में पूरा होने के बाद ही बड़ी संख्या में कमरे खाली होने की संभावना है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट-

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें