Live

BIHAR NEWS

बिहार में नौकरी के नाम पर 12 लड़कियों को बनाया बंधक, जबरन कराया जा रहा था नर्तकी का काम, दो गिरफ्तार, नौ नाबालिग

S
Srishtyलेखक

बिहार के भोजपुर जिले में नौकरी दिलाने के नाम पर लड़कियों को बुलाकर बंधक बनाने और जबरन नर्तकी का काम कराने का मामला सामने आया है। पुलिस ने ऑपरेशन नया सवेरा 3.0 के तहत कार्रवाई करते हुए धोबहा थाना क्षेत्र के धोबहा बागीचे में छापेमारी कर 12 लड़कियों को मुक्त कराया। इनमें नौ नाबालिग और तीन बालिग बताई गई हैं। मामले में उत्तर प्रदेश की एक महिला समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है।सदर एसडीपीओ वन सुशील कुमार के अनुसार, रविवार दोपहर पुलिस को सूचना मिली थी कि धोबहा बागीचे में करकट और टिन से बने एक मकान में कुछ लड़कियों को जबरन बंधक बनाकर रखा गया है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की और मौके पर पहुंचकर सभी 12 लड़कियों को मुक्त कराया।

पुलिस की पूछताछ में लड़कियों ने बताया कि उन्हें रोजगार दिलाने का झांसा देकर वहां बुलाया गया था। इसके बाद उनसे उनकी इच्छा के विरुद्ध नर्तकी का काम कराया जा रहा था। मुक्त कराई गई लड़कियां बिहार के सीतामढ़ी, रोहतास, बक्सर और भोजपुर जिलों के अलावा पश्चिम बंगाल तथा छत्तीसगढ़ की रहने वाली हैं।इस मामले में उत्तर प्रदेश के महाराजगंज जिले की जुली कुमारी और भोजपुर के बबुरा गांव निवासी मुकेश कुमार पासवान को गिरफ्तार किया गया है। लड़कियों ने पूछताछ के दौरान गिरोह से जुड़े कुछ अन्य लोगों के नाम भी बताए हैं। पुलिस उनकी भूमिका की जांच कर रही है।मामले में पॉक्सो अधिनियम, किशोर न्याय अधिनियम और बाल श्रम से संबंधित प्रावधानों सहित अन्य सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

छापेमारी दल में महिला थानाध्यक्ष नीतू कुमारी, एएचटीयू शाखा की दारोगा गुड़िया कुमारी और धोबहा थानाध्यक्ष वर्षा रानी समेत अन्य महिला पुलिसकर्मी शामिल थीं। इससे पहले भी जिले के मुफस्सिल और उदवंतनगर थाना क्षेत्रों में इसी अभियान के तहत कार्रवाई की गई थी।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें