BIHAR NEWS
MLC चुनाव के बाद NDA में बढ़ी तल्खी: JDU-BJP के रिश्तों की खटास पर मंत्री श्रवण कुमार का बड़ा बयान
बिहार की सियासत में एमएलसी चुनाव के नतीजों के बाद एनडीए के भीतर सब कुछ ठीक नहीं होने के संकेत मिलने लगे हैं। जनता दल यूनाइटेड (JDU) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच बढ़ती तल्खी को लेकर अब नीतीश सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने खुलकर स्वीकार किया है कि दोनों दलों के रिश्तों में कुछ खटास आई है। हालांकि उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही इस स्थिति को ठीक कर लिया जाएगा और गठबंधन पहले की तरह मजबूती से काम करेगा।मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि एमएलसी चुनाव के बाद बीजेपी और जेडीयू के बीच कुछ मतभेद जरूर सामने आए हैं। इस पूरे घटनाक्रम की समीक्षा एनडीए और दोनों दलों के शीर्ष नेतृत्व ने की है। जल्द ही इस दिशा में पहल की जाएगी, ताकि गठबंधन के भीतर बेहतर तालमेल कायम हो सके।
वहीं, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के एक बार फिर आरजेडी के साथ जाने की अटकलों को उन्होंने पूरी तरह खारिज कर दिया। श्रवण कुमार ने कहा कि इस तरह की चर्चाएं चाय की दुकानों पर जरूर हो रही हैं, लेकिन इनमें रत्ती भर भी सच्चाई नहीं है। नीतीश कुमार के नेतृत्व और मार्गदर्शन में एनडीए सरकार मजबूती के साथ काम कर रही है और आगे भी करती रहेगी।दरअसल, बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के चुनाव में बीजेपी ने तीन और जेडीयू ने एक सीट पर जीत दर्ज की। जेडीयू समर्थित उम्मीदवारों को तिरहुत स्नातक और सारण शिक्षक सीट पर हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद गठबंधन में भीतरघात, आपसी तालमेल और राजनीतिक वर्चस्व को लेकर सवाल उठने लगे।
श्रवण कुमार के बयान से साफ है कि एनडीए नेतृत्व फिलहाल मतभेद दूर करने की कोशिश में जुटा है। अब देखना होगा कि बीजेपी-जेडीयू के बीच बढ़ी दूरी कितनी जल्दी खत्म होती है।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।