Hindi News / गिद्धौर के सेवा गांव में जश्न का माहौल, गौरव कुमार का अग्निवीर में...

BIHAR NEWS : गिद्धौर के सेवा गांव में जश्न का माहौल, गौरव कुमार का अग्निवीर में चयन, फूल-मालाओं से लादकर दी विदाई

Edited By:  |
bihar news

जमुई : जिले के गिद्धौर प्रखंड अंतर्गत सेवा गांव में इन दिनों खुशी की लहर है. गांव के लाल गौरव कुमार का भारतीय सेना की अग्निवीर योजना में चयन होने से पूरे गांव में जश्न का माहौल है.

फूल-मालाओं और तिरंगे के साथ विदाई

जैसे ही गौरव के चयन की खबर गांव पहुंची,परिवार समेत ग्रामीणों में खुशी की लहर दौड़ गई. शनिवार को जब गौरव ट्रेनिंग के लिए रवाना हुआ तो ग्रामीणों ने उसे फूल-मालाओं से लाद दिया. हाथों में तिरंगा लेकर गांव वालों ने "भारत माता की जय" के नारे लगाए. गौरव ने भी तिरंगा देखकर देश सेवा में हमेशा तत्पर रहने का संकल्प लिया.


पिता की आंखें हुईं नम

गौरव के पिता ने कहा, "बेटे ने गांव-परिवार का नाम रोशन किया है. आज सीना गर्व से चौड़ा हो गया. देश की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं." वहीं मां ने बेटे को दही-गुड़ खिलाकर और तिलक लगाकर विदा किया.


गांव में उत्सव जैसा माहौल

गौरव के चयन के बाद से ही सेवा गांव में उत्सव जैसा माहौल है. युवाओं में खासा उत्साह है. ग्रामीणों का कहना है कि गौरव की मेहनत रंग लाई है. वह गांव के दूसरे युवाओं के लिए प्रेरणा बनेगा.

वहीं ग्रामीण गणेश यादव,पंकज यादव,सुबोध दास,रंजन कुमार साव,अजीत कुमार,बासुकी साव, रघुबीर साव,सुनील यादव समेत दर्जनों लोग ने उसे सराहा.


अग्निपथ योजना से जुड़ा

बता दें कि अग्निपथ योजना के तहत 4 साल के लिए सेना में भर्ती होने वाले जवानों को अग्निवीर कहा जाता है. 4 साल बाद 25% अग्निवीरों को स्थायी सेवा का मौका मिलेगा. गौरव के चयन से सेवा गांव का नाम पूरे जिले में चर्चा में है.

जमुई से सदानंद कुमार की रिपोर्ट-