BIHAR NEWS
CBSE बोर्ड परीक्षा 2027,10वीं-12वीं के मार्किंग पैटर्न में बदलाव, जारी हुआ विषयवार अंक विभाजन
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने शैक्षणिक सत्र 2026-27 की 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं को लेकर विषयवार अंक विभाजन का नया प्रारूप जारी किया है। इसके तहत अब स्कूलों को प्रैक्टिकल, प्रोजेक्ट और इंटरनल असेसमेंट के अंक निर्धारित प्रारूप के अनुसार ही अपलोड करने होंगे। बोर्ड ने यह कदम मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने और अंकों की प्रविष्टि में होने वाली गलतियों को रोकने के उद्देश्य से उठाया है।नए प्रारूप के अनुसार, दसवीं कक्षा में हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान और सामाजिक विज्ञान जैसे प्रमुख विषयों में 80 अंक की लिखित परीक्षा और 20 अंक का आंतरिक मूल्यांकन निर्धारित किया गया है। हालांकि, प्रैक्टिकल और प्रोजेक्ट आधारित विषयों में अंक विभाजन अलग-अलग रहेगा।
वहीं, 12वीं कक्षा में अंग्रेजी कोर, हिंदी कोर और अन्य भाषा विषयों के लिए 80 अंक थ्योरी तथा 20 अंक इंटरनल असेसमेंट के होंगे। फिजिक्स, केमिस्ट्री और बायोलॉजी में 70 अंक की लिखित परीक्षा और 30 अंक प्रैक्टिकल के निर्धारित किए गए हैं।भूगोल और मनोविज्ञान में भी 70-30 का अंक विभाजन रहेगा। इतिहास और राजनीति विज्ञान में 80 अंक थ्योरी तथा 20 अंक प्रोजेक्ट के लिए निर्धारित हैं। बिजनेस स्टडीज और अकाउंटेंसी में भी 80-20 का पैटर्न लागू होगा। वहीं, कंप्यूटर साइंस और इंफॉर्मेटिक्स प्रैक्टिसेज में 70 अंक थ्योरी और 30 अंक प्रैक्टिकल के होंगे।
बोर्ड का मानना है कि नए अंक विभाजन प्रारूप से स्कूलों में मूल्यांकन की प्रक्रिया एकसमान होगी। साथ ही विद्यार्थियों के परीक्षा परिणाम और शैक्षणिक रिकॉर्ड में त्रुटियों की आशंका भी कम होगी।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।