BIHAR NEWS : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सारण में सहयोग शिविर का किया उद्घाटन, महीने में 2 दिन होगा शिविर
वैशाली : बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को सारण जिले के डुमरी बुजुर्ग में सहयोग शिविर का शुभारंभ किया. कार्यक्रम में उन्होंने सरकार की प्राथमिकताएं गिनाईं. सीएम ने अधिकारियों को साफ चेतावनी दी कि जनता की शिकायतों का समाधान 30 दिनों के भीतर नहीं होने पर संबंधित पदाधिकारी स्वत: निलंबित माने जाएंगे.
मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्वलित कर सहयोग शिविर का उद्घाटन किया. इसके बाद उन्होंने कहा कि राज्यभर में सहयोग शिविर की शुरुआत की गई है. इसके माध्यम से आम लोग सीधे अपनी समस्याएं दर्ज करा सकेंगे और उनकी मॉनिटरिंग सीधे मुख्यमंत्री कार्यालय से होगी. उन्होंने बताया कि11मई को सरकार ने सहयोग पोर्टल और हेल्पलाइन नंबर1100जारी किया था. अब पंचायत स्तर पर हर महीने दूसरे और चौथे मंगलवार को सहयोग शिविर लगाए जाएंगे जहां पर अंचल,ब्लॉक,शिक्षा,थाना समेत विभिन्न विभागों से जुड़ी शिकायतों का समाधान किया जाएगा.
मुख्यमंत्री ने कहा कि आवेदन मिलने के10दिनों के भीतर संबंधित अधिकारी को पहला नोटिस मेरे कार्यालय से जाएगा.20दिन पूरे होने पर दूसरा नोटिस और25वें दिन तीसरा नोटिस भेजा जाएगा. इसके बावजूद30दिनों में समस्या का समाधान नहीं होने पर31वें दिन संबंधित अधिकारी स्वत: निलंबित हो जायेंगे.
मुख्यमंत्री ने सारण के विकास से जुड़ी कई बड़ी घोषणाएं भी की. उन्होंने कहा कि चुनाव से पहले इस क्षेत्र को गोद लेने की घोषणा की गई थी और अब यहां एयरपोर्ट तथा टाउनशिप का निर्माण किया जा रहा है. बाबा हरिहरनाथ के नाम पर टाउनशिप विकसित होगी. उन्होंने कहा कि पटना के मरीन ड्राइव की तर्ज पर छपरा में गंगा-अंबिका पथ का निर्माण कराया जाएगा. साथ ही नोएडा की तर्ज पर आधुनिक शहर बसाने की योजना पर भी काम चल रहा है. राज्य में211स्थानों पर डिग्री कॉलेज खोले जाएंगे. स्वास्थ्य व्यवस्था पर सख्त रुख अपनाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि अनुमंडल अस्पतालों के डॉक्टर सामान्य बीमारी में मरीजों को रेफर कर देते हैं,जो स्वीकार्य नहीं है. उन्होंने चेतावनी दी कि अनावश्यक रेफर करने वाले डॉक्टरों पर कार्रवाई होगी.
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि15अगस्त तक जिला और अनुमंडल अस्पतालों में बेहतर इलाज की व्यवस्था उपलब्ध करा दी जाएगी. अगर मरीज को बिना गंभीर बीमारी का पटना रेफर किया जाता है तो सिविल सर्जन पर कार्रवाई की जाएगी.
वैशाली से ऋषभ कुमार की रिपोर्ट--