BIHAR NEWS : लखीसराय में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने 110 करोड़ के सेक्स सॉर्टेड सीमेन प्लांट का किया निरीक्षण, दिए आवश्यक निर्देश
लखीसराय : केंद्रीय पशुपालन एवं मत्स्य संसाधन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह एक दिवसीय दौरे पर लखीसराय पहुंचे. उन्होंने चानन प्रखंड के गोपालपुर गांव में करीब 110 करोड़ रुपये की लागत से निर्माणाधीन सेक्स सॉर्टेड सीमेन प्लांट का निरीक्षण किया. करीब 80 एकड़ भूमि में बन रहे इस आधुनिक केंद्र को लेकर केंद्रीय मंत्री ने अधिकारियों से निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा करने का निर्देश दिया. निरीक्षण के दौरान पशु एवं मत्स्य संसाधन विभाग के सचिव शिरसत कपिल, डीएम शैलेंद्र कुमार, सूर्यगढ़ा विधायक रामानंद मंडल समेत संबंधित विभाग के अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
केंद्रीय मंत्री ने प्लांट के निर्माण की प्रगति की जानकारी ली और अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए. बताया गया कि सेक्स सॉर्टेड सीमेन तकनीक के जरिए बेहतर नस्ल के पशुओं की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी. इस तकनीक से करीब 90 प्रतिशत तक बछिया पैदा होने की संभावना रहती है. इससे भविष्य में दूध उत्पादन बढ़ाने और पशुपालकों की आमदनी में इजाफा होने की उम्मीद है. इस तकनीक के इस्तेमाल से नर पशुओं की संख्या को नियंत्रित करने में भी मदद मिलेगी, जिससे सड़कों पर लावारिस घूमने वाले पशुओं की समस्या कम हो सकती है.
लखीसराय जिला से आत्मानंद सिंह की रिपोर्ट -