BIHAR NEWS
पटना महावीर मंदिर में नाम-गोत्र से कलश स्थापना, दुर्गापाठ की सुविधा, नौ दिवसीय अनुष्ठान 8250 रुपये में, ऑनलाइन बुकिंग भी उपलब्ध
पटना जंक्शन स्थित महावीर मंदिर में नवरात्र और दुर्गापूजा को लेकर श्रद्धालुओं के लिए विशेष पूजा-अनुष्ठान की व्यवस्था की गयी है। श्रद्धालु अपने नाम और गोत्र से कलश स्थापना कराकर मां दुर्गा की पूजा-अर्चना और दुर्गापाठ करा सकेंगे। मंदिर में यह व्यवस्था पिछले कई वर्षों से जारी है।श्री महावीर स्थान न्यास समिति के सचिव सायण कुणाल ने बताया कि इच्छुक श्रद्धालु मंदिर के बुकिंग काउंटर के अलावा वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन भी अनुष्ठान की बुकिंग करा सकते हैं। नवरात्र के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के अनुष्ठान कराने को देखते हुए ऑनलाइन सुविधा उपलब्ध करायी गयी है।मंदिर में दुर्गासप्तशती सम्पुट पाठ के लिए 2310 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है। इसमें दुर्गासप्तशती के 13 अध्यायों के 700 मंत्रों का विशेष बीज मंत्रों के साथ सम्पुट पाठ कराया जाता है।
दुर्गासप्तशती के साधारण पाठ के लिए 1110 रुपये शुल्क रखा गया है। इसमें अर्गला, कीलक, कवच, शापोद्धार, शतनाम और मूल 13 अध्यायों के साथ ऋग्वेद के देवी सूक्त का वैदिक मंत्रोच्चार किया जाता है।वहीं, कलश स्थापना और दुर्गापाठ सहित नौ दिवसीय विशेष अनुष्ठान के लिए 8250 रुपये शुल्क निर्धारित है। इसमें नवरात्र के नौ दिनों तक कलश स्थापना के साथ मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना और पाठ कराया जाएगा।श्रद्धालु अपनी सुविधा और धार्मिक मान्यता के अनुसार सम्पुट पाठ, साधारण पाठ या नौ दिवसीय अनुष्ठान में से किसी विकल्प का चयन कर सकते हैं। पूजा कराने के इच्छुक श्रद्धालु मंदिर काउंटर या ऑनलाइन माध्यम से बुकिंग करा सकते हैं।
पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।