BIHAR NEWS : तेलडीहा महारानी के दरबार पहुंचे केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, मां की पूजा कर मांगे आशीर्वाद

Edited By:  |
bihar news

मुंगेर : केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने मंगलवार को मुंगेर और बांका जिले के बॉर्डर पर स्थित प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां तेलडीहा महारानी के दरबार में पूजा-अर्चना की. इस अवसर पर उनके साथ जमालपुर और मुंगेर के विधायक समेत सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे.

मां के दर्शन और विधिवत पूजा के बाद केंद्रीय मंत्री ने देश और बिहार की समृद्धि, विकास और शांति की कामना की. उन्होंने कहा कि मुंगेर में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं. इसको लेकर लगातार कार्य किए जा रहे हैं.

केंद्रीय मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह पिछले तीन दिनों से अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर हैं. इसी क्रम में मंगलवार को वे मुंगेर और जमालपुर के विधायकों तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं के साथ तारापुर और बांका जिले की सीमा पर स्थित मां तेलडीहा महारानी के दरबार पहुंचे. मंदिर पहुंचते ही उन्होंने पूरे विधि-विधान से माता की पूजा-अर्चना की और क्षेत्र की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की.

पूजा के बाद मीडिया से बातचीत में केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा कि मां तेलडीहा में लोगों की गहरी आस्था है और यहां आकर उन्हें आत्मिक शांति मिलती है. उन्होंने कहा कि भारत और बिहार के विकास,शांति और खुशहाली के लिए वे मां के दरबार में शीश नवाने आए हैं. साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मुंगेर ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से समृद्ध जिला है,जहां पर्यटन की असीम संभावनाएं मौजूद हैं. इन संभावनाओं को विकसित करने के लिए केंद्र और राज्य सरकार मिलकर निरंतर प्रयास कर रही है.

मुंगेर से अमृतेश सिन्हा की रिपोर्ट—