Hindi News / भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में SSB ने गश्ती के दौरान नेपाल ले जा रही...

BIHAR NEWS : भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में SSB ने गश्ती के दौरान नेपाल ले जा रही यूरिया खाद की खेप के साथ तस्कर को दबोचा

Edited By:  |
bihar news

नरकटियागंज:पश्चिम चम्पारण के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र में एसएसबी ने तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. नरकटियागंज स्थित 44वीं वाहिनी एसएसबी ने गश्ती के दौरान नेपाल ले जाई जा रही यूरिया खाद की खेप के साथ एक तस्कर पकड़ा है. इस दौरान दो मोटरसाइकिल भी जब्त किया गया है.

44वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल नरकटियागंज के एफ समवाय नगरदेही के जवानों ने गुप्त सूचना के आधार पर भारत-नेपाल सीमा पर कार्रवाई करते हुए तस्करी के प्रयास को विफल कर दिया. जानकारी के अनुसार अंतरराष्ट्रीय सीमा स्तंभ संख्या 420/13 से लगभग 100 मीटर भारतीय क्षेत्र के भीतर एसएसबी की पेट्रोलिंग पार्टी गश्त कर रही थी. इसी दौरान दो मोटरसाइकिलों पर छह बोरी भारतीय यूरिया खाद नेपाल ले जाई जा रही थी. एसएसबी जवानों को देखते ही तस्कर भागने लगे,लेकिन जवानों की तत्परता से एक तस्कर को पकड़ लिया गया. गिरफ्तार तस्कर की पहचान ओम प्रकाश साह,उम्र 36 वर्ष,पिता रामेश्वर साह,निवासी इनरवा थाना इनवारा,जिला पश्चिम चम्पारण के रूप में हुई है.

कार्रवाई के दौरान दो मोटरसाइकिल और छह बोरी यूरिया खाद भी जब्त की गई. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि जब्त खाद को नेपाल में बेचने के उद्देश्य से ले जाया जा रहा था,जिससे तस्कर मोटा मुनाफा कमाना चाहते थे.

जब्त सामान और गिरफ्तार तस्कर को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कस्टम विभाग बेतिया को सौंप दिया गया है. स्थानीय लोगों का कहना है कि एसएसबी की लगातार कार्रवाई से सीमा क्षेत्र में तस्करी पर अंकुश लगा है और तस्करी में शामिल लोगों के बीच हड़कंप की स्थिति है. सीमा पर सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता से अवैध गतिविधियों में कमी देखी जा रही है.

नरकटियागंज से अजय पाण्डेय की रिपोर्ट--