Live

BIHAR NEWS

दिवाली के बाद बिहार की हवा हुई जहरीली, बेगूसराय का AQI 548 पहुंचा; पटना समेत कई जिलों में प्रदूषण का कहर

S
Srishtyलेखक

बिहार में दिवाली के बाद वायु प्रदूषण की स्थिति गंभीर होती नजर आ रही है। राजधानी पटना समेत राज्य के कई जिलों में सोमवार सुबह हवा की गुणवत्ता बेहद खराब दर्ज की गई। दिवाली की रात हुई आतिशबाजी के बाद वातावरण में धुआं और धुंध छा गया है। सुबह के समय कई इलाकों में आसमान पर धुंध की मोटी परत दिखाई दी। बढ़ते प्रदूषण के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।बिहार में बेगूसराय की स्थिति सबसे खराब रही, जहां सुबह वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 548 दर्ज किया गया। वहीं मुजफ्फरपुर में AQI 450 और बक्सर में 436 रिकॉर्ड किया गया। राजधानी पटना में भी AQI 308 तक पहुंच गया। इसके अलावा मुंगेर में 400, समस्तीपुर में 371, दरभंगा में 351 और आरा में 309 AQI दर्ज किया गया।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मानकों के अनुसार, 301 से 400 के बीच AQI बेहद खराब और 401 से 500 के बीच गंभीर श्रेणी में आता है। ऐसे में बिहार के कई शहरों में वायु प्रदूषण चिंताजनक स्तर पर पहुंच गया है। बेगूसराय का 500 से अधिक AQI होना भी गंभीर चिंता का विषय है।विशेषज्ञों ने प्रदूषण से बचाव के लिए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है। जरूरत पड़ने पर ही घर से बाहर निकलने, बाहर जाते समय मास्क लगाने और खुले में दौड़ने या व्यायाम करने से बचने की सलाह दी गई है। बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है।मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में फिलहाल मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि 11 नवंबर को जमुई, मुंगेर, बांका, खगड़िया और भागलपुर में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश हो सकती है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें