BIHAR NEWS : वैशाली में चिराग पासवान ने सीएम की रेस से खुद को बताया बाहर, बंगाल की सीएम पर भी किया तीखा हमला
वैशाली: केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान सोमवार को वैशाली पहुंचे. वैशाली में पार्टी नेता समेत कार्यकर्ताओं ने उन्हें जोरदार स्वागत किया. चिराग पासवान ने वैशाली में बिहार के अगले मुख्यमंत्री को लेकर चल रहे गतिरोध पर बड़ा बयान दिया है.
उन्होंने कहा है कि वह सीएम की रेस में नहीं हैं और ना कभी रहेंगे. लेकिन बिहार का अगला मुख्यमंत्री भाजपा का हो यह जरूर चाहते हैं. वहीं उन्होंने कहा कि एनडीए में सब कुछ तय हो गया है और जल्द ही बिहार के अगले मुख्यमंत्री के नाम का एलान होगा. इसके अलावे चिराग पासवान ने ममता बनर्जी पर तीखा हमला करते हुए पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की कार्यशैली और उनकी'तुष्टीकरण की राजनीति'पर सीधे सवाल खड़े कर दिए. चिराग पासवान ने उन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल में भगवान की मूर्तियों को तोड़ना अब वहां की सरकार की कार्यशैली बन चुकी है. इतना ही नहीं चिराग पासवान ने ममता सरकार की विदाई का भी ऐलान करते हुए दावा किया कि बंगाल की जनता अब इस तुष्टीकरण की राजनीति से तंग आ चुकी है और बहुत जल्द वहां की सरकार जाने वाली है. इसके साथ ही केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने एक बार फिर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पर तीखा हमला बोला और तेजस्वी की कार्यशैली पर सवाल उठाते हुए उन्हें जमकर घेरा.
चिराग पासवान ने कहा कि चुनाव में मिली हार के बाद तेजस्वी यादव जनता से कट चुके हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि तेजस्वी न सिर्फ मीडिया से दूरी बना रहे हैं बल्कि अपनी पार्टी के भीतर भी उनकी पकड़ कमजोर हो रही है. चिराग ने चुटकी लेते हुए कहा कि जो नेता अपने विधायकों को एकजुट नहीं रख पा रहे हैं और राज्यसभा चुनाव जैसे बड़े मौके पर जीत के करीब भी नहीं पहुँच पाए वो राज्य की जिम्मेदारी कैसे संभालेंगे?
बता दें कि चिराग पासवान सराय थाना क्षेत्र के अनवरपुर गांव पहुंचे थे जहाँ उन्होंने शौचालय की टँकी में डूबने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत के बाद पीड़ित परिवार से मिले और परिजनों को सांत्वना दी. इसके बारे में चिराग ने कहा कि पीड़ित परिवार के साथ वह खड़े हैं और आर्थिक सहायता के साथ साथ बच्चों की शिक्षा और परिवार के लोगों को नौकरी देने के साथ साथ अन्य सरकारी योजनाओं से मदद करने की कवायद की जा रही है ताकि पीड़ित परिवार की परेशानी को थोड़ा कम किया जा सके.
ऋषभ कुमार की रिपोर्ट--