Live

BIHAR NEWS

मसौढ़ी में शराब छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों का पथराव, पांच आरोपियों को छुड़ाया, चार जवान घायल

S
Srishtyलेखक

पटना के मसौढ़ी स्थित पिपरा थाना क्षेत्र के बेहरावां चकिया गांव में शराब के खिलाफ छापेमारी करने पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों के एक समूह ने हमला कर दिया। घटना में चार पुलिसकर्मी घायल हो गये, जबकि भीड़ पुलिस की गिरफ्त में लिये गये पांच आरोपियों को छुड़ाकर ले गयी।पुलिस के अनुसार, शुक्रवार देर शाम पुनपुन नदी के किनारे शराब बिक्री की सूचना पर पुलिस टीम छापेमारी करने पहुंची थी। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने शराब के साथ पांच लोगों को पकड़ा। आरोपियों को थाना ले जाने की तैयारी के बीच बड़ी संख्या में ग्रामीण लाठी-डंडे और लोहे की रॉड लेकर मौके पर पहुंच गये।ग्रामीणों ने पुलिस की कार्रवाई का विरोध शुरू कर दिया। इसी दौरान अचानक पुलिस टीम पर ईंट-पत्थरों से पथराव शुरू कर दिया गया। हमले में अवर निरीक्षक शशी कुमार, दो महिला आरक्षी और एक पुरुष आरक्षी घायल हो गये। पथराव में पुलिस का वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया।

अचानक हुए हमले के बाद पुलिसकर्मियों को पीछे हटना पड़ा। इसी का फायदा उठाकर भीड़ ने पुलिस की गिरफ्त से पांचों आरोपियों को छुड़ा लिया और अपने साथ लेकर चली गयी। हालांकि, छापेमारी के दौरान बरामद शराब पुलिस वाहन में ही रह गयी।घायल पुलिसकर्मियों का इलाज कराया गया। अवर निरीक्षक शशी कुमार को छोड़कर तीन जवानों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए पीएमसीएच में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद आसपास के थानों से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया और क्षतिग्रस्त वाहन को गांव से बाहर निकाला गया।

पीपरा थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार के अनुसार, पुलिस के बयान पर 51 नामजद और करीब 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गयी है। पुलिस का कहना है कि नदी किनारे पहले से ईंट-पत्थर जमा कर रखे गये थे। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें