BIHAR NEWS
पटना पुस्तक मेला 2026, 4 दिसंबर से गांधी मैदान में जमेगा रंग
सेंटर फॉर रीडरशिप डेवलपमेंट (सीआरडी) द्वारा आयोजित पटना पुस्तक मेला 4-15 दिसम्बर, 2026 गाँधी मैदान में होने जा रहा है. भूमि पूजन के साथ ही आज से गांधी मैदान में इस लोकउत्सव के पंडाल का निर्माण शुरू हो गया है. इस बार की थीम है- जॉय ऑफ़ रीडिंग, बियोंड बुक्स. 42 वर्षों से लगनेवाला पटना पुस्तक मेला इस बार बिहार गीत के रचयेता, लोककवि श्री सत्यनारायण को समर्पित होगा. यह जानकारी सीआरडी पटना पुस्तक मेला के अध्यक्ष एवं चर्चित साहित्यकार रत्नेश्वर ने दी.पटना पुस्तक मेला में इस बार पाँच सौ से भी अधिक कार्यक्रम प्रस्तुत किये जाएंगे. जिसमें लगभग छः हजार विशेषज्ञ, प्रतिभागी, कलाकार, अतिथि आदि भाग लेंगे. इनमें बुक गाइड, चिड्डियों, शब्दांकुर, काव्यकथा, यूथ पोडियम, हुनर, कवि सम्मलेन, ज्ञान-रोजगार, युवा स्वर, स्वास्थ्य-संवाद, नयी किताब, सिनेमा-उनेमा, कला दीर्घा, जनसंवाद, कथा पाटलिपुत्र, नुक्कड़ के रंग, कोचिंग मास्टर, स्कूल उत्सव, स्वाद विहार सहित दो दिनों तक बिहार संवादी आदि प्रमुख कार्यक्रम होंगे.
इस बार पटना पुस्तक मेला में बुक गाईड कार्यक्रम रखा गया है. संभवतः दुनिया में पहली बार किसी सांस्कृतिक-शैक्षिक आयोजन में गाईड होंगे. इस बार युवाओं को ध्यान में रखकर 'शब्दांकुर' कार्यक्रम रखा गया है. इसके अंतर्गत युवा अपनी कविता, कहानी, व्यंग्य रचनाएँ सुनाएँगे. इनमें से चुने हुए रचनाकार को शब्दांकुर पुरस्कार दिया जाएगा. इस चुनाव प्रक्रिया में तीन जज होंगे और साथ ही ऑडिएंस पोल भी होगा.इस बार युवाओं के लिए विशेष कार्यक्रम चिड्डियाँ भी रखा गया है. इतना ही नहीं ,स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों के लिए हुनर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा.सिनेमा-उनेमा फिल्म फेस्टिवल में इस बार सिनेमा-उनेमा शिखर सम्मान शुरू किया जा रहा है. इस बार चर्चित सिने कलाकार राजेश कुमार को सिनेमा-उनेमा शिखर सम्मान दिया जाएगा. कुमार रविकांत के संयोजन में प्रत्येक दिन शार्ट फिल्म दिखाई जाएगी. प्रत्येक दिन फिल्म के विविध विषयों पर संवाद होगा.
इसके अलावा नुक्कड़ के रंग' में पटना के प्रमुख कॉलेज और स्कूल के विद्यार्थी नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत करेंगे. रंगमंच से जुड़े विशिष्ट कलाकार को सम्मानित किया जाएगा.प्रत्येक दिन 'काव्यकथा' कार्यक्रम होगा, जयप्रकाश के संयोजन में प्रतिदिन देश के चर्चित कवि और कथाकार अपनी कविता या कहानी सुनाएँगे. प्रत्येक दिन किसी एक साहित्यकार को सम्मानित किया जाएगा.
इस बार सीआरडी पटना पुस्तक मेला में 200 स्टॉल होंगे. इनमें प्रभात प्रकाशन, राजकमल प्रकाशन, वाणी प्रकाशन, ज्ञानपीठ, उपकार प्रकाशन, हिन्द युग्म, प्रकाशन संस्थान, दिनकर पुस्तकालय, सम्यक प्रकाशन, ओसवाल बुक्स एंड लर्निंग, ओसवाल प्रिंटर्स, एन.सी.पी.यू.एल., रेखता फाउनडेशन, इमारते शरिया, साहित्य अकादमी, एन.बी.टी., एडुटेरिया, इनविनसिवल, एमटीजी बुक्स, किक एक्स, राजपाल एण्ड संस, द हिन्दू, ओशा साहित्य, ऑफिसर्स अकादमी, बिहार राज्य आर्य प्रतिनिधि सभा, अग्रवाल बुक्स ऑफ पत्रिकेशन्स, जान बिन्दु आदि प्रकाशक भाग लेंगे.
पटना से अंकिता सिंह की रिपोर्ट
इस ख़बर को शेयर करें
अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।