Hindi News / नेपाल में तबाही हाजीपुर के गंडक में दिखा खौफनाक मंजर, पानी में बहते...

BIHAR NEWS : नेपाल में तबाही हाजीपुर के गंडक में दिखा खौफनाक मंजर, पानी में बहते मिले इंसान और जानवरों के शव

Edited By:  |
bihar news

हाजीपुर : नेपाल में आई भीषण बाढ़ ने जो तबाही मचाई है, उसकी खौफनाक तस्वीर अब बिहार के हाजीपुर में गंडक नदी के अंदर दिखाई दे रही है. गंडक नदी में बहकर आ रहे मलबे के साथ लकड़ियां, जानवरों के शव और इंसानी शव दिखाई देने की बात सामने आई है.

नदी के इस भयावह मंजर ने स्थानीय नाविकों और नदी किनारे रहने वाले लोगों को भी दहला दिया है. तस्वीरें हाजीपुर के गंडक नदी की हैं जहां नदी का बहाव अपने साथ नेपाल में हुई तबाही के निशान लेकर पहुंच रहा है. गंडक के पानी में जगह-जगह लकड़ियां और मलबा बहता दिखाई दे रहा है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुबह से बड़ी मात्रा में लकड़ियां नदी किनारे पहुंचीं, जिन्हें नाविकों ने निकालकर किनारे जमा किया. सबसे डरावना मंजर तब सामने आया, जब नदी में जानवरों के शव और इंसानी शव बहते दिखाई दिए. स्थानीय नाविकों का कहना है कि उन्होंने अपनी आंखों से बड़ी संख्या में शवों को नदी में बहते देखा. गंडक नदी के बीच पहुंची कशिश न्यूज की टीम के कैमरे में भी कई जगह मलबा और बहती हुई सामग्री कैद हुई है. नदी के तेज बहाव में जानवरों के शव भी दिखाई दिए. नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद गंडक नदी में शव और अन्य सामान बहकर भारतीय क्षेत्र तक पहुंचने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं.

हाजीपुर से ऋषभ कुमार की रिपोर्ट-