Live

BIHAR NEWS

बेगूसराय में महिला के साथ दुष्कर्म, पुलिस ने आरोपी साधु को किया गिरफ्तार

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

बेगूसराय : बिहार के बेगूसराय में झाड़ फूंक करने वाले एक साधु द्वारा महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम देने का मामला प्रकाश में आया है. घटना के बाद सूचना मिलते ही पुलिस ने आरोपी साधु को गिरफ्तार कर लिया है. फिलहाल पुलिस आरोपी साधु और पीड़ित महिला का मेडिकल जांच बेगूसराय सदर अस्पताल में करा रही है.

जानकारी के अनुसार दरभंगा जिले के महापारा गांव के रहने वाला साधु अरविंद लाल‌देव नीमा चांदपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव में पिछले 10 दिनों से रहकर झाड़ फूंक करने का काम करता था. साधु पर आरोप है कि 26 जनवरी की अहले सुबह 3 बजे उसने एक शादीशुदा 25 वर्षीय महिला के घर में घुस गए और उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. बताया जा रहा है कि पीड़ित 25 वर्षीय महिला का पति बाहर रहता है और महिला अपनी एक बच्ची के साथ झोपड़ीनुमा घर में अकेले सोई हुई थी. तभी साधु ने झोपड़ी घर में दाखिल होकर महिला के साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया. घटना की सूचना गांव वालों के द्वारा 26 जनवरी की देर शाम नीमा चांदपुरा थाना पुलिस को दी गई जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसे देर रात गिरफ्तार कर लिया. मंगलवार को पीड़िता और आरोपी साधु को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल लाया गया जहां दोनों का जांच कराया जा रहा है.

इस संबंध में हेड क्वार्टर डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि झाड़ फूंक करने वाले तथा कथित साधु के भेष में अरविंद लालदेव ने महिला के घर में घुसकर रेप की घटना को अंजाम दिया है. दोनों का मेडिकल जांच कराई जा रही है. घटना स्थल पर एफएसएल की जांच कराई गई है और पुलिस आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है.

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें