Live

BIHAR NEWS

पत्नी को पति के अवैध संबंध का शक, मारपीट से परेशान होकर भाई संग रची हत्या की साजिश, छह आरोपी गिरफ्तार

S
Srishtyलेखक

जहानाबाद के मखदुमपुर थाना क्षेत्र के कचनावा गांव में कमलेश कुमार हत्याकांड का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस के मुताबिक, हत्या की साजिश मृतक की पत्नी ने अपने भाई और अन्य रिश्तेदारों के साथ मिलकर रची थी। मामले में पुलिस ने मृतक की पत्नी, उसके साले समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार, शनिवार रात कमलेश कुमार की नुकीले लोहे के रॉड से हमला कर हत्या कर दी गई थी। रविवार सुबह घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज, मानवीय सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।

जांच में सबसे पहले मृतक के साले चंदन कुमार को गया के खरखुरा से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ और जांच के दौरान हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान हुई। पुलिस ने गया जिले के पिंटू कुमार, श्रवण कुमार, मृतक के साढ़ू रवि कुमार, रंजन कुमार और मृतक की पत्नी को भी गिरफ्तार किया।पुलिस के मुताबिक, पत्नी को शक था कि उसके पति का किसी दूसरी महिला से अवैध संबंध था। आरोप है कि इसी बात को लेकर कमलेश अपनी पत्नी के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार करता था। लगातार कथित प्रताड़ना से परेशान होकर पत्नी ने अपने भाई को इसकी जानकारी दी। इसके बाद भाई ने अपने रिश्तेदारों और सहयोगियों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई।

पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल नुकीला लोहे का रॉड, दो मोटरसाइकिल और आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है।

पटना से संजय कुमार की रिपोर्ट

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें