BIHAR NEWS : झाझा के नवनिर्मित सीएचसी भवन में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था न होने से बाधित है मरीजों का इलाज
जमुई : जिले के झाझा में नवनिर्मित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों का इलाज शुरू नहीं होने को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने जमुई के जिलाधिकारी व सिविल सर्जन को अपना स्पष्टीकरण भेज दिया है. दरअसल, 30 बेड के सीएचसी भवन के उद्घाटन बाद उसे चालू नहीं किये जाने के संबंध में स्थानीय समाचार माध्यमों में खबर प्रकाशित की गई थी, जिसका शीर्षक था "30 बेड का सीएचसी भवन उद्घाटन के बाद चालू नहीं" एवं “दो बार उद्घाटन पर इलाज नहीं हो सका शुरू, ताले में बंद स्वास्थ्य केंद्र." जिसका स्वास्थ्य विभाग ने संज्ञान लेते हुए जमुई के सिविल सर्जन से इस मामले में सफाई मांगी थी.
जिसके जवाब में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के प्रभारी चिकित्सा प्रभारी ने बताया है कि संवेदक द्वारा नवनिर्मित स्वास्थ्य के भवन में विद्युत् आपूर्ति का काम पूरा नहीं किया गया है. इसी कारण संवेदक ने भवन को अभी तक हस्तगत नहीं किया है. जिसके कारण इस 30 शय्या वाले नवनिर्मित भवन में मरीजों का इलाज नहीं हो रहा है. इन्हीं कारणों से झाझा के चरघरा निवासी निर्मला देवी के बीमार पति प्रदीप साव को अस्पताल में बेड नहीं मिल सका था. बता दें कि इस मामले में बिजली विभाग से भी स्पष्ट प्रतिवेदन की मांग की गई है.