Live

BIHAR NEWS

“14 मई को 15 मिनट के लिए थमेगा कटिहार, शाम 7 बजे बजेगा एयर रेड सायरन, पूरे शहर में होगा ब्लैकआउट”

M
MADAN KISHORE JHAलेखक

कटिहार : बिहार के कटिहार में नागरिक सुरक्षा को लेकर 14 मई को हवाई हमला और ब्लैकआउट का मॉकड्रिल आयोजित किया जाएगा. यह अभ्यास शाम 7 बजे से 7 बजकर 15 मिनट तक चलेगा. इस दौरान पूरे शहर की बिजली बंद रखी जाएगी और लोगों को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करना होगा.

जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने प्रेस वार्ता में बताया कि मॉकड्रिल का उद्देश्य लोगों को आपातकालीन स्थिति में सतर्क रहना और खुद के साथ दूसरों की सुरक्षा करना सिखाना है. अभ्यास के दौरान सायरन बजाकर हवाई हमले जैसी स्थिति का संकेत दिया जाएगा.

प्रशासन के मुताबिक अगर सायरन रुक-रुक कर बजे तो इसे खतरे का संकेत माना जाएगा. वहीं लगातार दो मिनट तक सायरन बजने का मतलब होगा कि खतरा टल गया है. ब्लैकआउट के दौरान लोगों से घर,दुकान और गोदाम की सभी लाइटें बंद रखने की अपील की गई है.

मॉकड्रिल के दौरान जेनरेटर,इन्वर्टर,बैट्री,वाहन की हेडलाइट,मोबाइल फ्लैशलाइट और टॉर्च का इस्तेमाल भी नहीं करने को कहा गया है. घरों की खिड़कियों और रोशनदानों को पर्दे से ढकने की सलाह दी गई है ताकि रोशनी बाहर न जा सके.

प्रशासन ने साफ कहा है कि किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और घबराने के बजाय सुरक्षा नियमों का पालन करें.

कटिहार में पहली बार इतने बड़े स्तर पर नागरिक सुरक्षा मॉकड्रिल आयोजित की जा रही है. प्रशासन का कहना है कि यह अभ्यास किसी भी आपात स्थिति से निपटने की तैयारी का हिस्सा है,इसलिए सभी लोग सहयोग करें और निर्धारित नियमों का पालन करें.

कटिहारसे रितेश रंजन की रिपोर्ट--

इस ख़बर को शेयर करें

अपने दोस्तों और परिवार तक यह ख़बर पहुँचाएँ।

पूरी वेबसाइट पर पढ़ें और ख़बरें